लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण
देवघर में जिला पशुपालन एवं सहकारिता विभाग ने जिला स्तरीय पशु मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया। उपायुक्त ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और पशुपालकों को उन्नत पशुपालन तकनीक, टीकाकरण के महत्व, और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को पशुपालन अपनाने के लिए प्रेरित किया ताकि उनकी आय और आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके।

देवघर। जिला पशुपालन एवं सहकारिता विभाग परिसर में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पशु मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस दौरान डीसी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। मौके पर पशुपालकों एवं कृषकों को उन्नत एवं वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने तथा पशु-पक्षियों के नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गयी। इस दौरान पशुपालकों को राज्य सरकार की मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के साथ ही केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं-एनएलएम, एलएचडीसीपी, एनएआईपी और एबीआईपी-एसएस सॉर्टेड सीमेन मादा पशु गर्भाधान योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही एलएचडीसीपी के तहत एफएमडी, पीपीआर, ब्रूसेलोसिस, एलएसडी और सीएसएफ जैसे रोगों से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण कराने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान डीसी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि जिला स्तरीय पशु मेला किसानों के लिए नई तकनीक तथा पशुपालन से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने का बेहतर मंच है। कृषक व पशुपालक इसका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि खेती के साथ पशुपालन उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। केवल पारंपरिक खेती पर निर्भर रहने के बजाय यदि किसान पशुपालन को अपनाते हैं, तो उनकी आय में न केवल वृद्धि होगी बल्कि आर्थिक स्थिरता भी आएगी। इसके अलावा डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय कृषकों और रविंद्र नाथ टैगोर कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए कृषि विज्ञान केंद्र सुजानी का एक्सपोजर विजिट कराया जाए। ताकि बेहतर पशुपालन के तरीकों के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों, नई फसल प्रजातियों, और उन्नत कृषि पद्धतियों को जमीनी स्तर पर समझकर, उन्हें अपनी खेती में अपनाना है, जिससे उत्पादकता में वृद्धि हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


