नगर निगम चुनाव : शांति व्यवस्था को फ्लैग मार्च
देवघर में नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। शनिवार को नगर पुलिस ने फ्लैग मार्च किया और मतदाताओं से भयमुक्त मतदान करने की अपील की। पुलिस ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

देवघर। नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को नगर पुलिस ने फ्लैग मार्च कर आमजन से भयमुक्त वातावरण में मतदान करने की अपील की। फ्लैग मार्च थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में किया गया। फ्लैग मार्च नगर थाना परिसर से शुरू होकर टावर चौक, मुख्य बाजार मार्ग सहित विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए पुनः थाना परिसर पहुंचा। मार्च के दौरान पुलिसबलों ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया। असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी भी दी गई कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बताया कि पुलिस अधीक्षक सौरभ के निर्देशानुसार सुरक्षा व्यवस्था की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। मतदान शुरू होने से 24 घंटे पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षाबल की तैनाती रहेगी। साथ ही गश्ती दल एवं क्विक रिस्पांस टीम भी सक्रिय रहेगी, ताकि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन ने आम मतदाताओं से अपील की है कि बिना भय लोकतंत्र के महापर्व में भाग लें और अफवाहों पर ध्यान न दें। चुनाव को लेकर नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


