नगर निगम चुनाव : सर्वाधिक मतों से जीतीं शैलजा
- देवघर के कई वार्डों पर लगातार तीसरी बार एक ही परिवार का कब्जा - देवघर के कई वार्डों पर लगातार तीसरी बार एक ही परिवार का कब्जा

देवघर नगर निगम चुनाव के परिणाम घोषित हो चुके हैं। इसमें जनता का मिला-जुला रुख देखने को मिला है। कहीं मतदाताओं ने नए चेहरों पर दांव लगाया है, तो कहीं पुराने दिग्गजों और उनके परिवारों पर अपना अटूट भरोसा बरकरार रखा है। इस चुनाव की सबसे बड़ी विशेषता वार्ड संख्या 18 से शैलजा देवी की जीत और कई वार्डों में एक ही परिवार का लगातार कब्जा रही। नगर निगम के वार्ड नंबर 18 में इस बार शैलजा ने जीत का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को बड़े मतों के अंतर से पराजित किया। शैलजा न केवल इस चुनाव में विजेता बनकर उभरीं, बल्कि सर्वाधिक मतों के अंतर से जीतने वाली प्रत्याशी भी रहीं।
उनकी इस जीत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वार्ड-18 की जनता ने उनके पिछले कार्यों या उनकी कार्यशैली पर जबरदस्त मुहर लगाई है। इन वार्डों में चलता है एक ही परिवार का सिक्का : चुनाव परिणामों का एक दिलचस्प पहलू यह रहा कि देवघर के कई वार्डों में मतदाताओं ने किसी खास व्यक्ति के बजाय एक ही परिवार के प्रति अपनी निष्ठा दिखाई। नगर निगम के वार्ड संख्या 12, 13, 14, 16, 22 और 23 में पिछले कई चुनावों से एक ही परिवार के सदस्य बारी-बारी से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस बार वार्ड 12 से अनूप कुमार, 13 से मृत्युंजय कुमार, 14 शशिभूषण दुबे, 16 से माया देवी, 18 से शैलजा देवी, 22 अर्पणा झा व 23 से शैलेश चरण मिश्रा ने जीत दर्ज की है। इन वार्डों में आरक्षण की स्थिति महिला, पुरुष, बदलने के बावजूद सत्ता की चाबी एक ही घर में घूमती रही। यहां की जनता ने पुराने चेहरों या उनके परिजनों को ही अपना सेवक चुनना बेहतर समझा। जहां शैलजा देवी की जीत ने वार्ड-18 में लोकप्रियता का नया पैमाना तय किया है, वहीं वार्ड 12 से 23 के बीच के परिणामों ने यह साबित किया है कि स्थानीय राजनीति में व्यक्तिगत और पारिवारिक रसूख आज भी हावी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


