31 दिनों में 116 वाहन चालकों पर की गई कार्रवाई
देवघर पुलिस ने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 2 से 31 जनवरी तक विशेष यातायात जांच अभियान चलाया। इस दौरान 71 मामले शराब पीकर गाड़ी चलाने, 5 नो इंट्री उल्लंघन, और 40 अवैध वाहन संशोधन के मामलों में कार्रवाई की गई। एसपी ने यातायात नियमों के उल्लंघन के प्रति सख्त रुख अपनाने की बात कही।

देवघर, प्रतिनिधि। पुलिस यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी क्रम में 2 जनवरी से लेकर 31 जनवरी तक शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष यातायात जांच अभियान चलाया गया। जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी माह में शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) के कुल 71 मामले दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त, नो इंट्री क्षेत्र में वाहन प्रवेश के 5 मामले तथा वाहनों में अवैध संशोधन (मॉडिफिकेशन) के 40 मामलों में कार्रवाई की गई।
इस प्रकार कुल 116 वाहन चालकों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की गई है। इस संबंध में एसपी सौरभ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना एक गंभीर अपराध है, जो न केवल चालक बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डालता है। सार्वजनिक सुरक्षा देवघर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसपी ने बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, स्कूल-कॉलेजों और संवेदनशील स्थानों के आसपास पुलिस टीमों की निरंतर तैनाती की गई है। अवैध रूप से मॉडिफाइड वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है, क्योंकि ऐसे वाहन सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। यह अभियान केवल दंड देने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि एक सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित करने के लिए चलाया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




