Deogarh News: कबाड़ कारोबारी समेत चार हिरासत में
Deogarh News: देवघर,प्रतिनिधिनगर पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें तीन युवकों के अलावा एक कबाड़

Deogarh News: देवघर,प्रतिनिधि नगर पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें तीन युवकों के अलावा एक कबाड़ संचालक के शामिल होने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल मामले में आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी गयी है। सूत्रों के अनुसार, नगर पुलिस को शहर में चोरी की घटनाओं और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री को लेकर कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। उसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए तीन संदिग्ध चोरी की घटनाओं में शामिल बताए जा रहे हैं, जबकि एक कबाड़ी पर चोरी का सामान खरीदने और आगे बेचने का संदेह है।
पुलिस हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी का सामान कहां से लाया जाता था और उसे किस माध्यम से खपाया जाता था। पुलिस पूर्व में शहर में हुई चोरी की घटनाओं से भी संदिग्धों के तार जोड़कर जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान पुलिस चोरी के सामान की बरामदगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा सकती है। फिलहाल सभी संदिग्ध पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ठोस साक्ष्य मिलने पर संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया आगे बढ़ायी जा सकती है। हाल में भी नगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।

