
महापौर पद के लिए 12, वार्ड पार्षद के लिए 149 ने कटाया एनआर
देवघर नगर निगम के लिए नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की घोषणा कर दी गई है। नाम निर्देशन की प्रक्रिया 28 जनवरी से शुरू होगी और 4 फरवरी तक चलेगी। महापौर पद के लिए 12 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन कराया है। वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 149 एनआर काटे गए हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
देवघर। राज्य निर्वाचन आयोग झारखंड रांची द्वारा 27 जनवरी 2026 को अधिसूचना जारी करते हुए नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की घोषणा की जा चुकी है। निर्वाचन की घोषणा होने के बाद 28 जनवरी से महापौर एवं वार्ड पार्षद पद के लिए एनआर(नाजिर रसीद) कटना प्रारंभ हो गया है। आयोग के निर्देशानुसार 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक है नाम निर्देशन करने की तिथि निर्धारित की गई है। इसके साथ ही 5 फरवरी को नाम निर्देशन की संवीक्षा की जाएगी और अभ्यर्थियों के नाम वापस लेने की तिथि 6 फरवरी को निर्धारित है। इसके साथ ही 7 फरवरी को अभ्यर्थियों के बीच निर्वाचन का प्रतीक चिन्ह आवंटन किया जाएगा।
वहीं 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा और 27 फरवरी को मतगणना की तिथि निर्धारित की गई है। महापौर पद के लिए निर्वाची पदाधिकारी अपर समाहर्ता देवघर हीरा कुमार हैं। जिनसे मिली जानकारी के अनुसार महापौर (देवघर नगर निगम वर्ग ख) पद के लिए दो दिनों में कुल 12 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन के लिए एनआर रसीद कटाया है। नाम निर्देशन की तिथि के प्रथम दिन गुरुवार को एक भी महापौर पद के अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन नहीं कराया। मिली जानकारी के अनुसार महापौर पद के लिए 28 जनवरी को सुरज कुमार झा, रीता चौरसिया, उमा शंकर सिंह, धीरेंद्र कुमार पांडेय, रवि कुमार केसरी, अशोक कुमार मिश्रा एवं नागेंद्र बलियासे ने एनआर कटाया है। जबकि 29 जनवरी को महापौर पद के लिए रवि कुमार राउत, गौरव कुमार सिंह, सुनील कुमार गुप्ता, बजरंगी महथा एवं नीतेश कुमार गुप्ता ने एनआर कटाया है। महापौर पद के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता हीरा कुमार ने कहा कि नाम निर्देशन के प्रथम दिन एक भी महापौर के अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन नहीं किया गया। महापौर पद के लिए नाम निर्देशन का कार्य स्थल अपर समाहर्ता देवघर का कार्यालय प्रकोष्ठ है। वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 149 एनआर कटा देवघर नगर निगम वार्ड पार्षद पद के लिए तीन निर्वाची पदाधिकारी बनाए गए हैं। देवघर नगर निगम वार्ड पार्षद पद वार्ड संख्या 1 से लेकर 12 तक के लिए निर्वाची पदाधिकारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीतिलता किस्कू को बनाया गया है। जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए वार्ड संख्या 13 से लेकर 24 तक के लिए निर्वाची पदाधिकारी कार्यपालक पदाधिकारी देवघर सदर ओम प्रियदर्शी गुप्ता को बनाया गया है। वहीं वार्ड पार्षद पद वार्ड संख्या 25 से लेकर 36 तक के लिए निर्वाची पदाधिकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी सारवां रजनीश कुमार को बनाया गया है। वार्ड संख्या 1 से लेकर 12 तक वार्ड पार्षद पद के लिए एनआर समाहरणालय परिसर में काटा जा रहा है। वहीं वार्ड पार्षद पद वार्ड संख्या 13 से लेकर 24 तक एनआर कार्यपालक पदाधिकारी देवघर सदर के कार्यालय प्रकोष्ठ में काटा जा रहा है। जबकि वार्ड पार्षद पद वार्ड संख्या 25 से लेकर 36 तक एनआर भूमि सुधार उप समाहर्ता देवघर के कार्यालय प्रकोष्ठ में काटा जा रहा है। गुरुवार को वार्ड पार्षद पद वार्ड संख्या 1 से लेकर 12 तक में कुल 38 एनआर काटा गया। मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 1 के लिए 3, वार्ड नंबर 2 के लिए 2, वार्ड नंबर 3 के लिए 6, वार्ड नंबर 4 के लिए 1, वार्ड नंबर 5 के लिए 6, वार्ड नंबर 6 के लिए 2, वार्ड नंबर 7 के लिए 6, वार्ड नंबर 8 के लिए 2, वार्ड नंबर 9 के लिए 4, वार्ड नंबर 10 के लिए 3, वार्ड नंबर 11 के लिए शुन्य एवं वार्ड नंबर 12 के लिए 3 एनआर काटा गया। जबिक वार्ड संख्या 13 से 24 तक के लिए कुल 54 एनआर काटा गया, जिसमें जनरल 11 शामिल है। वहीं वार्ड संख्या 25 से लेकर 36 तक के लिए गुरुवार को कुल 57 एनआर काटा गया। इस प्रकार देवघर नगर निगम के सभी 36 वार्डों के लिए गुरुवार को वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 149 एनआर काटा गया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम :- महापौर पद एवं वार्ड पार्षद पद के नाम निर्देशन की प्रक्रिया को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देशानुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नाम निर्देशन के कार्य स्थल पर बेरिकेटिंग लगाकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। ताकि सुरक्षित वातावरण में सभी अभ्यर्थी नाम निर्देशन की प्रक्रिया को पूर्ण कर सकें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




