
देवघर रेलवे स्टेशन पर पूछताछ काउंटर की मांग
देवघर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए समर्पित पूछताछ कार्यालय की आवश्यकता की मांग की गई है। प्रिंस सिंघल ने मंडल वाणिज्य प्रबंधक को पत्र भेजकर बताया कि स्टेशन पर पूछताछ के लिए कोई काउंटर नहीं है, जिससे यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।
देवघर। पूर्वी रेलवे आसनसोल मंडल के देवघर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए एक समर्पित पूछताछ कार्यालय/काउंटर की स्थापना की मांग राष्ट्रीय युवा पुरस्कार प्राप्त एवं डीआरयूसीसी (डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी) सदस्य प्रिंस सिंघल द्वारा औपचारिक रूप से मंडल वाणिज्य प्रबंधक को पत्र प्रेषित कर की गई है। हाल ही में देवघर रेलवे स्टेशन के दौरे के दौरान प्रिंस सिंघल ने पाया कि स्टेशन पर पूछताछ के लिए कोई समर्पित काउंटर उपलब्ध नहीं है। जिसके कारण यात्रियों को ट्रेन समय, प्लेटफॉर्म, व्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। इस दौरान उन्हें यह भी जानकारी मिली कि 06 नवंबर 2025 को एक यात्री द्वारा शिकायत पुस्तिका में इसी समस्या को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।
जिसमें बताया गया कि उपलब्ध काउंटरों पर पूछताछ करने के बाद भी वह ट्रेन संख्या 53441 की जानकारी प्राप्त नहीं कर सके। पत्र में यह भी जिक्र है कि देवघर एक राष्ट्रीय धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र होने के कारण प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु एवं यात्री यहां आते हैं, इसलिए सटीक एवं समय पर सूचना उपलब्ध कराना स्टेशन की प्राथमिक आवश्यकता है। पूछताछ सुविधा के अभाव से यात्रियों को उलझन, असुविधा एवं टिकट काउंटर क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने देवघर रेलवे स्टेशन पर तत्काल प्रभाव से एक समर्पित पूछताछ कार्यालय/पूछताछ काउंटर स्थापित किया जाए व स्टेशन परिसर में स्पष्ट एवं पर्याप्त साईनेज की व्यवस्था तथा पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाया जाए की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों की समस्याओं में बड़ी कमी आएगी तथा स्टेशन की सेवा-गुणवत्ता और प्रबंधन क्षमता में महत्वपूर्ण सुधार होगा। उन्होंने रेलवे प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेकर उपयुक्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




