
मर्चेंट नेवी में कार्यरत कर्मी के कार्ड से 1 लाख की निकासी
देवघर में मर्चेंट नेवी के कर्मचारी धीरेंद्र कुमार के साथ साइबर ठगी हुई। एटीएम से पैसे निकालने के दौरान तकनीकी समस्या के कारण उनका कार्ड फंस गया। एक व्यक्ति ने खुद को बैंक का इंजीनियर बताकर धोखे से...
देवघर। नगर थानांतर्गत महावीर कॉलोनी निवासी मर्चेंट नेवी में कार्यरत धीरेंद्र कुमार से साइबर ठगी मामले की जांच करने के लिए शुक्रवार को साइबर थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची। मामले की जांच-पड़ताल करने के साथ शिकायतकर्ता से पूछताछ की गयी। उसके बाद पुलिस ने एटीएम कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के लिए बैंक के शाखा प्रबंधक को पत्र लिखा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी है। बता दें कि धीरेंद्र गुरुवार को नगर के तिवारी चौक अवस्थित एक एटीएम मशीन से रुपए निकालने गए थे। एटीएम में कार्ड डालते ही मशीन में अचानक टेक्निकल इश्यू आने के कारण उनका कार्ड अंदर ही फंस गया।

मौके पर किसी बैंक कर्मचारी या गार्ड की मौजूदगी नहीं थी, जिस कारण सहायता नहीं ले सके। उसी बीच एटीएम मशीन के पास पड़े एक कागज पर इंजीनियर का मोबाइल नंबर लिखा दिखा। धीरेंद्र ने उस नंबर पर संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। कॉल पर मौजूद व्यक्ति ने खुद को बैंक का इंजीनियर बताते हुए कार्ड निकालने की प्रक्रिया बतायी और उनसे कुछ कदम उठाने कहा। धीरेंद्र ने बताए गए निर्देशों का पालन किया, लेकिन कार्ड मशीन से बाहर नहीं आया। इंजीनियर ने संबंधित बैंक शाखा में जाकर शिकायत दर्ज कराने कहा। जब धीरेंद्र शिकायत दर्ज कराने बैंक पहुंचे, उसी दौरान उनके खाते से अलग-अलग कई ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल एक लाख रुपए की अवैध निकासी हो चुकी थी। कुछ देर बाद जब वह वापस एटीएम केंद्र लौटे, तो देखा कि एटीएम कार्ड मशीन के पास पड़ा था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


