साइबर ठगी : हरियाण पुलिस को मिले अहम सुराग

हिन्दुस्तान, देवघर
Follow us on Google News
share

हरियाणा के फरीदाबाद में एक निजी स्कूल के चेयरमैन से 15 लाख रुपए से अधिक की साइबर ठगी के मामले में आरोपित संजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद कई महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त किए हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।

साइबर ठगी : हरियाण पुलिस को मिले अहम सुराग

देवघर, प्रतिनिधि। हरियाणा के फरीदाबाद में निजी स्कूल के चेयरमैन से 15 लाख रुपए से अधिक की साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के बाद पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस टीम अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में 24 घंटों तक लगातार छापेमारी की। हालांकि सफलता हाथ नहीं लग पाई। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संजीत कुमार से पूछताछ में साइबर ठगी के नेटवर्क और बैंक खातों के इस्तेमाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। बताया जाता है कि बल्लभगढ़ साइबर थाना में 9 दिसंबर 2025 को फरीदाबाद के सेक्टर-9 निवासी रावल कॉन्वेंट स्कूल के चेयरमैन चंद्रभान रावल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।

प्राथमिकी में कहा गया कि साइबर अपराधियों ने स्कूल के अकाउंटेंट रघुवीर सिंह को झांसे में लेकर मोबाइल पर एक एपीके फाइल डाउनलोड करा दी थी। फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल का एक्सेस अपराधियों के हाथ में चला गया और खाते से 15 लाख 34 हजार 699 रुपए 62 पैसे की निकासी कर ली गयी। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को साइबर ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन का लिंक देवघर मिला था। उसके बाद हरियाणा पुलिस की टीम देवघर पहुंची और कुंडा थाना पुलिस के सहयोग से हथगढ़ में छापेमारी कर किराये के मकान में रह रहे सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के दोंदिया नवाडीह गांव निवासी संजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद ट्रांजिट रिमांड पर हरियाणा ले जाया गया है। सूत्रों की मानें तो पूछताछ में कई बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी सामने आयी है, जिनका उपयोग साइबर ठगी में किया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह केवल हरियाणा में सक्रिय था या अन्य राज्यों में भी लोगों को निशाना बनाया गया है। मामले में एक अन्य संदिग्ध की तलाश में सोनारायठाढ़ी और आसपास के इलाकों में छापेमारी की गयी, लेकिन वह फरार बताया जा रहा है। इधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधी अब लोगों को एपीके फाइल, स्क्रीन शेयरिंग एप और फर्जी बैंक लिंक भेजकर ठगी कर रहे हैं। ऐसे में किसी अंजान लिंक या एप डाउनलोड करने से पहले सावधानी बरतना जरूरी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल पर आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल पर तुरंत भरोसा न करें। साइबर ठगी की आशंका होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।