
साइबर क्राइम : हिरासत में लिए गए एक को छोड़ा, दूसरे से पूछताछ
देवघर, प्रतिनिधिसाइबर अपराध मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए दो आरोपियों में एक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी से पूछता
देवघर, प्रतिनिधि साइबर अपराध मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए दो आरोपियों में एक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी से पूछताछ अभी भी जारी है। छोड़ा गया आरोपी मोहनपुर थाना क्षेत्र के सिमरजोर गांव का निवासी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने उसे रिहा किए जाने के कारणों पर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए जाने के बाद दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान देर शाम को आरोपी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसकी हालत नाजुक होती देख पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ। बताया जाता है कि तबीयत सामान्य होने के बाद पुलिस ने परिजनों को बुलाया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे छोड़ दिया। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है कि उसे स्वास्थ्य कारणों से छोड़ा गया या फिर पूछताछ में उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं मिले। वहीं दूसरे आरोपी से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि साइबर फ्रॉड के बड़े नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस के हाथ लग सकती है। पुलिस ने फिलहाल मामले से जुड़ी अन्य जानकारी साझा करने से इंकार किया है। मामले की जांच जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




