
सात उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी का एफआईआर दर्ज
देवघर में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने विद्युत ऊर्जा चोरी के खिलाफ अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान सात उपभोक्ताओं को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। इन पर हजारों से लेकर एक लाख रुपये तक की क्षतिपूर्ति राशि निर्धारित की गई है। सभी अवैध तारों को जप्त कर लिया गया है।
देवघर,प्रतिनिधि। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्युत ऊर्जा चोरी के खिलाफ झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड द्वारा व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। यह अभियान निगम मुख्यालय के मेमो संख्या 4/एपीटी दिनांक 8 जनवरी 2026 के आलोक में 10 जनवरी 2026 को विद्युत आपूर्ति प्रशाखा राजाबाग के अंतर्गत संचालित किया गया। अभियान सुबह करीब 10:10 बजे से शाम 5:30 बजे तक चला। अभियान का नेतृत्व कनिय विद्युत अभियंता राजेन्द्र प्रसाद चौधरी ने किया। उनके साथ सहायक विद्युत अभियंता लव कुमार सहित विभाग के अन्य कर्मी चंद शेखर तिवारी, चन्द्र प्रकाश यादव, पवन महथा एवं लालमोहन यादव मुख्य रूप से शामिल थे। छापेमारी के दौरान सात उपभोक्ताओं को विभिन्न तरीकों से अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा का उपभोग करते हुए पकड़ा गया।
इनमें राजबाड़ी मूल निवासी लेन की ममता कुमारी, सरला सिंह, विनोद कुमार तथा रीता देवी शामिल हैं, जो मीटर बाईपास कर सीधे बिजली उपयोग कर रही थीं। वहीं बेलाबगान क्षेत्र के संजय कुमार यादव द्वारा अतिरिक्त तार खींचकर अवैध बिजली उपयोग किया जा रहा था। रिफ्यूजी कॉलोनी बरमसिया के गोपीचन्द गुप्ता और नंदन पहाड़ क्षेत्र के तबारक शेख पर भी मीटर बाईपास एवं विच्छेदित कनेक्शन के बावजूद एलटी लाइन से बिजली चोरी का आरोप पाया गया। विभाग के अनुसार इन उपभोक्ताओं पर हजारों से लेकर एक लाख रुपये से अधिक तक की क्षतिपूर्ति राशि निर्धारित की गई है। सभी स्थानों से अवैध रूप से जुड़े तारों को नमूना के तौर पर काटकर जप्त कर लिया गया है, जिसे जप्ती सूची में दर्ज कर प्रशाखा कार्यालय में सुरक्षित रखा गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




