Deogarh News: गैरजमानती वारंट के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने की शिकायत
Deogarh News: देवघर, प्रतिनिधिमोहनपुर थाना कांड संख्या 184/23 के नामजद आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गैरजमानती वारंट जारी होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने और आर

Deogarh News: देवघर, प्रतिनिधि मोहनपुर थाना कांड संख्या 184/23 के नामजद आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गैरजमानती वारंट जारी होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने और आरोपियों द्वारा सूचक व उसके परिजनों को गाली-ग्लौज कर धमकाया गया। मामले को लेकर कांड के सूचक उपेंद्र यादव ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मोहनपुर पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत होने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। एसपी को दिए आवेदन में सूचक ने बताया है कि मामला देवघर न्यायालय में जीआर केस संख्या- 802/23 के रूप में लंबित है। मामले में अगली सुनवाई की तिथि 18 सितंबर 2026 निर्धारित है। आवेदन के अनुसार, केस में कांती देवी, गिरधारी महतो, गिरधारी यादव की पत्नी सहित कुल चार लोग नामजद अभियुक्त है।
सूचक ने आरोप लगाया है कि सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पूर्व से भी उनके व उनके परिवार के खिलाफ कई मामले न्यायालय में लंबित हैं। कहा गया है कि न्यायालय ने 6 जुलाई 2026 को नामजद आरोपियों के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी कर निष्पादन मोहनपुर थाना पुलिस को सौंपा था। आरोप है कि पुलिस ने वारंट के संबंध में आरोपियों को जानकारी दे दी, लेकिन गिरफ्तारी नहीं की। इससे आरोपियों का मनोबल बढ़ गया। सूचक के अनुसार, 4 सितंबर को करीब दोपहर 2 बजे आरोपी उसके घर पहुंचे और उसके तथा परिवार के सदस्यों के साथ गाली-ग्लौज करते हुए धमकी देने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इससे सूचक और उसके परिवार के लोग भयभीत हैं। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि 9 सितंबर को भी आरोपियों ने घर पहुंचकर विवाद करने का प्रयास किया। सूचक के पिता हीरा महतो द्वारा विरोध करने पर मामला बिगड़ते-बिगड़ते बचा और एक आरोपी वहां से हट गया। सूचक ने एसपी से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ न्यायालय के आदेश के आलोक में कार्रवाई करने व परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

