चितरा पुलिस का साइबर अपराध पर प्रहार
चितरा पुलिस ने साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए दुमदुमी पंचायत के सारंडा गांव में जागरूकता अभियान चलाया। थाना प्रभारी विकास पासवान ने ग्रामीणों को साइबर ठगी और ऑनलाइन फ्रॉड से बचने की सलाह दी। उन्होंने जानकारी साझा करने से बचने और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

चितरा। साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चितरा पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में चितरा थाना प्रभारी विकास पासवान के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के दुमदुमी पंचायत अंतर्गत सारंडा गांव में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव को लेकर जानकारी दी गई और उन्हें सामूहिक रूप से शपथ भी दिलाई गई। गांव के चौपाल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी विकास पासवान ने डिजिटल ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी साझा करना सीधे आर्थिक नुकसान को न्योता देने जैसा है।
उन्होंने ग्रामीणों को विशेष रूप से बैंक खाता विवरण, एटीएम नंबर, यूपीआई पिन, ओटीपी और आधार से जुड़ी किसी भी जानकारी को किसी के साथ साझा नहीं करने की सख्त सलाह दी। साथ ही बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराना बेहद जरूरी है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस कर्मियों ने उपस्थित ग्रामीणों को साइबर अपराध के प्रति स्वयं सतर्क रहने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई। साथ ही यह अपील की गई कि किसी भी प्रकार की साइबर अपराध से जुड़ी जानकारी मिलने पर बिना देर किए पुलिस को सूचित करें। अभियान को ग्रामीणों ने सराहनीय पहल बताया और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण इलाकों में बढ़ते साइबर अपराध पर रोक लगेगी। इस अवसर पर दुमदुमी मुखिया शमीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


