
बाल दिवस पर याद किए गए चाचा नेहरू
संक्षेप: देवघर के गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल में पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर बाल दिवस समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह ने बच्चों को शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने गीत, संगीत, नृत्य और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य नेहरू जी के योगदान को याद करना था।
देवघर। गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन देवघर में शुक्रवार को पंडित जवाहरलाल लाल नेहरू की जयंती पर बाल दिवस समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह, शिक्षक एवं बच्चों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए नमन किया। बच्चों द्वारा इस दिन को स्मरणीय बनाने के लिए एक से बढ़कर एक गीत, संगीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया गया। वर्ग एलकेजी से द्वितीय तक के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस गतिविधि का आयोजन किया गया। बच्चों ने देशभक्त महापुरुषों की वेशभूषा में स्वयं को सजाकर अभिनय करते हुए नारे भी लगाए।

मौके पर विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन व उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के सभी वर्ग के लोगों के लिए अनुकरणीय है। वे उत्कृष्ट शिक्षाविद् और समाज सेवक के साथ-साथ नेक इंसान भी थे। उन्होंने कहा कि हम सब एक ऐसे महान व्यक्ति का जन्मदिन मना रहे हैं, जिन्हें आप सब प्यार से चाचा नेहरू के नाम से जानते हैं। पंडित जवाहरलाल नेहरू हमारे देश के प्रथम प्रधानमंत्री थे। वे बच्चों को देश की नींव और सबसे कीमती ख़जाना मानते थे। वे कहते थे कि बच्चे ही राष्ट्र का भविष्य हैं और उन्हें प्यार, देखभाल और अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की अहम भूमिका रही। इस बात की जानकारी मीडिया प्रभारी अमित कुमार सिंह ने दी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




