
जल्द समाधान नहीं हुआ तो जोरदार आंदोलन : शशांक
चितरा कोलियरी के कैजुअल मजदूरों को पिछले कई दिनों से नियमित काम नहीं मिल रहा है। कोयला उत्पादन ठप होने से सैकड़ों मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता ने मजदूरों की...
चितरा। चितरा कोलियरी में कार्यरत कैजुअल मजदूरों को पिछले कई दिनों से नियमित काम नहीं मिल पा रहा है। कोयला उत्पादन ठप पड़ने के कारण सैकड़ों मजदूर रोजाना बेरोजगार होकर घर लौटने को विवश हैं। इसी गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता शनिवार को गिरजा खदान पहुंचे और मजदूरों की समस्याओं से रूबरू हुए। मजदूरों के बीच बैठक को संबोधित करते हुए भोक्ता ने कहा कि कोलियरी प्रबंधन को तुरंत उत्पादन बढ़ाकर मजदूरों को काम उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो-तीन दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मजदूर मजबूर होकर उग्र आंदोलन करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि कम से कम 20 हजार टन कोयला तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि मजदूरों को आने वाले पूजा पर्व में अधिक से अधिक काम मिल सके। बताया कि पिछले तीन महीने से कोयला उत्पादन नाम मात्र का हो रहा है, जिससे मजदूरों के बीच भुखमरी की स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि मजदूर केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि अपने परिवार की रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसके बाद मजदूरों के साथ खदान से पैदल जुलूस निकालते हुए क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। तत्पश्चात कोलियरी सभागार में अधिकारियों के साथ वार्ता हुई। इसमें अभिकर्ता उमेश प्रसाद चौधरी, प्रबंधक, एरिया इंजीनियर (उत्खनन), एरिया इंजीनियर (ई एंड एम) समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि जल्द उत्पादन में तेजी लाई जाएगी और कोयला लोडिंग के लिए मजदूरों को पर्याप्त कोयला उपलब्ध कराया जाएगा। मौके पर बलराम ठाकुर, जगन्नाथ यादव, रवींद्र सिंह, मुन्ना मिश्रा, युगल राय, मनोज दास, मदन सिंह, राजेश राय, सतीश सिंह सहित सैकड़ों कैजुअल मजदूर उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




