रिखिया : पुष्पा जोरिया में मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका
देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र में हरिलाजोरी शिव मंदिर के पीछे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की उम्र 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी गई है और उसके शरीर पर धारदार हथियार के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देवघर, प्रतिनिधि। रिखिया थाना अंतर्गत हरिलाजोरी शिव मंदिर के पीछे पुष्पा जोरिया से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। शव की स्थिति देख हत्या की आशंका जतायी जा रही है। शरीर पर मिले हमले के निशान से हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। मृतक की उम्र 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद किया गया है। मृतक के शरीर पर केवल ट्राउजर था। सूत्रों के मुताबिक मृतक के बाएं हाथ के नीचे और छाती के बीच धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर कर शव ठिकाने लगाने की नीयत से सुनसान जोरिया के पानी में फेक दिया गया होगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम के समय कुछ ग्रामीण मवेशी चराने गए थे। उसी दौरान उनकी नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी। उसके बाद गांव में इसकी सूचना दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना पर रिखिया थानेदार पुलिसबलों के साथ मौके पर पहुंचे और शव पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी तरह की जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव पोस्टमार्टम हाउस में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले कभी मृतक को उधर नहीं देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि मृतक बाहरी हो सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


