एटीएम में कार्ड फंसाकर 37 हजार उड़ाए, साइबर थाना में शिकायत

हिन्दुस्तान, देवघर
Follow us on Google News
share

देवघर में तिवारी चौक स्थित एटीएम में कार्ड फंसाकर 37 हजार रुपए की निकासी की गई। दिल्ली निवासी अभिमन्यु कुमार ने साइबर थाना में शिकायत की। कार्ड फंसने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से पैसे निकाल लिए। पहले भी इसी तरह की घटनाएं हुई हैं, और पुलिस जांच कर रही है।

एटीएम में कार्ड फंसाकर 37 हजार उड़ाए, साइबर थाना में शिकायत

देवघर। नगर के तिवारी चौक अवस्थित एटीएम में कार्ड फंसाकर खाते से 37 हजार रुपए की निकासी कर ली गयी है। पीड़ित दिल्ली निवासी अभिमन्यु कुमार ने साइबर थाना में आवेदन देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। आवेदन में अभिमन्यु कुमार ने बताया है कि मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले हैं। वह किसी निजी कार्य से अपनी बहन के घर देवघर आए थे। उसी दौरान पैसों की जरूरत पड़ी तो तिवारी चौक अवस्थित एटीएम मशीन से रुपए निकालने पहुंचे। जैसे ही अपना एटीएम कार्ड मशीन में डाला, कार्ड मशीन के अंदर फंस गया और बाहर नहीं निकला।

एटीएम में कार्ड फंसने की घटना

पीड़ित के अनुसार एटीएम के पास लगे एक कागज पर टेक्नीशियन का मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। कार्ड फंसने के बाद उस नंबर पर संपर्क किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को टेक्नीशियन बताते हुए विभिन्न बातों में उलझा दिया और करीब 20 से 25 मिनट तक इधर-उधर भटकाता रहा। उसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 37 हजार रुपए की निकासी कर ली। जब मोबाइल पर रुपए कटने का मैसेज आया तो ठगी का अहसास हुआ। उसके बाद उन्होंने बैंक से संपर्क किया और साइबर थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आवेदन के आधार पर जांच कर रही है तथा एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।

पहले भी हुई हैं ऐसी घटनाएं

लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं जिले में पहले भी हो चुकी हैं। करीब दो महीने पूर्व नगर और जसीडीह थाना क्षेत्र के विभिन्न एटीएम केंद्रों पर इसी तरह की कई घटनाएं सामने आई थीं। उस दौरान जसीडीह थाना क्षेत्र के चकाई मोड़ अवस्थित एटीएम के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद जेल से बाहर आ गए। पुलिस जांच में उस समय खुलासा हुआ था कि आरोपी एटीएम मशीन के कार्ड स्लॉट में सिरिंज की मदद से विशेष प्रकार का गोंद डाल देते थे। इससे ग्राहक का कार्ड मशीन में फंस जाता था। कार्ड फंसने के बाद आरोपी आसपास ही नजर रखते थे और मौका मिलते ही केमिकल की सहायता से कार्ड निकाल लेते थे। इसके बाद चंद मिनटों में खाते से रुपए निकाल लिए जाते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक स्कॉर्पियो वाहन, गोंद, सिरिंज, ब्लेड समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए थे। गिरफ्तारी के बाद कुछ समय तक इस तरह की घटनाओं पर रोक लग गई थी, लेकिन अब एक बार फिर इसी तरह का गिरोह सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

यह घटना कहाँ हुई?
यह घटना देवघर के तिवारी चौक अवस्थित एटीएम में हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।