Deogarh News: सारवां : डकाय दुबे बाबा की पूजा 17 को
Deogarh News: डाकाय दुबे बाबा मंदिर में 17 अगस्त को होने वाली वार्षिक पूजा के लिए प्रशासनिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जैसे यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं के लिए अलग गेट, और पूजा के दौरान शराब और जुए पर प्रतिबंध। सुरक्षा के लिए पुलिस बल और वॉलेंटियर तैनात किए जाएंगे।

Deogarh News: सारवां, प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के डकाय दुबे बाबा मंदिर में 17 अगस्त को होने वाली वार्षिक पूजा में उमड़ने वाली संभावित भारी भीड़ के बीच विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर शनिवार को प्रशासनिक बैठक का आयोजन मंदिर प्रशाल में किया गया। उसमें सीओ राजेश कुमार साहा, बीडीओ रजनीश कुमार, थाना प्रभारी संदीप कुमार, बीएओ विजय कुमार देव व मुखिया मुबारक अंसारी सहित समस्त ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
बैठक में लिए गए निर्णय
सुगमतापूर्वक पूजा व बलि आदि को लेकर बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव लिए गए। उसमें यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रखने के लिए सड़क के दोनों तरफ 7 फुट छोड़कर दुकान लगाने का निर्देश दिया गया। मंदिर के दक्षिण तरफ की जमीन पंचायत भवन से 50 फीट की चौड़ाई तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए खाली रखने व मंदिर सहित पूरे परिसर में कहीं भी बिजली तार नंगा या जर्जर नहीं लगाने का निर्देश डेकोरेटर वाले को दिया गया।
सुरक्षा उपाय और व्यवस्था
मंदिर व उसके बाहर मेला तरफ सीसीटीवी कैमरा लगाने सहित महिला व पुरूष श्रद्धालुओं को अलग-अलग गेट से दर्शन कराने का निर्णय बैठक में लिया गया। साथ ही बलि स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल रखने व जरूरत के हिसाब से मणिगढ़ी, बाराटार व सोनारायठाढ़ी रोड में 10 जगह बैरियर लगाने का निर्णय लिया गया। पूजा के दौरान शराब व जुआ पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। कहा कि कोई व्यक्ति शराब की खरीद-बिक्री नहीं करेगा। मेला को व्यवस्थित तरीके से लगाने का निर्णय लिया गया।
प्रशासन का सहयोग
प्रशासन की ओर से बताया गया कि मंदिर व मेला स्थल से कुछ दूरी पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था होगी। लोगों की सहायता के लिए जगह-जगह पुलिसबल व वॉलेंटियर लगाए जाएंगे। पूजा के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की गई है।


