सदर अस्पताल में प्रसव के नाम पर अवैध वसूली, वीडियो वायरल
देवघर के सदर अस्पताल में प्रसव के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। एक वीडियो में प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला के परिजनों से पैसे मांगे गए। परिवार ने आर्थिक स्थिति के बावजूद सरकारी अस्पताल में बेहतर इलाज की उम्मीद की थी। मामले में स्वास्थ्य कर्मी पर आरोप लगाए गए हैं।

देवघर, प्रतिनिधि। सदर अस्पताल में प्रसव के नाम पर कथित अवैध वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला के परिजनों से अस्पताल में प्रसव कराने के बदले पैसे की मांग की गई। मामला 25 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि के बाद का बताया जा रहा है। हलांकि हिंदुस्तान अखबार इस वीडिओ को पुष्टी नहीं करती है।
मामले का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत हटिया रोड निवासी 22 वर्षीया प्रिया कुमारी, पति आदित्य शर्मा से जुड़ा है। परिजनों का आरोप है कि प्रसव पीड़ा बढ़ने पर वे प्रिया कुमारी को तत्काल देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां प्रारंभ में इलाज में देरी की बात कही गई और उन्हें बाहर ले जाने का दबाव बनाया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद वे बेहतर इलाज की उम्मीद में सरकारी अस्पताल पहुंचे थे। लेकिन आरोप है कि अस्पताल में मौजूद एक महिला स्वास्थ्य कर्मी ने प्रसव कराने के लिए पैसे की मांग की।
पैसे की मांग और परिवार की मजबूरी
जब परिजनों ने असमर्थता जताई तो कथित रूप से एटीएम से पैसे निकालकर देने का दबाव बनाया गया। परिजनों के अनुसार स्थिति गंभीर होने और मजबूरी के कारण उन्होंने एटीएम से पैसे निकालकर स्वास्थ्य कर्मी को दिए, जिसके बाद महिला का प्रसव कराया गया। यह पूरी घटना अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के रूप में सामने आने के बाद चर्चा का विषय बन गई है। वीडियो में लगाए गए आरोपों के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इस पूरे मामले को लेकर जब सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनसे कई बार फोन पर बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। उनके पक्ष से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


