
जसीडीह स्टेशन पर छिनतई में असफल अपराधी का एसिड अटैक
जसीडीह प्रतिनिधिजसीडीह रेलवे स्टेशन पर एक सनसनीखेज वारदात में अपराधियों ने छिनतई की नीयत पूरी न होने पर एक यात्री पर एसिड फेककर गंभीर रूप से झुलसा दिया।
जसीडीह प्रतिनिधि जसीडीह रेलवे स्टेशन पर एक सनसनीखेज वारदात में अपराधियों ने छिनतई की नीयत पूरी न होने पर एक यात्री पर एसिड फेककर गंभीर रूप से झुलसा दिया। एसिड अटैक में पीड़ित यात्री का चेहरा और आंखें बुरी तरह झुलस गई। घटना 9 सितंबर मंगलवार रात की बतायी जा रही है। घायल की पहचान बिहार के लक्खीसराय जिला के बड़हिया थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी 32 वर्षीय अजय पासवान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार यात्री कोलकाता में निजी फैक्ट्री में काम करता है। 9 सितंबर रात कोलकाता-मुजफ्फरपुर तिरहुत एक्सप्रेस से क्यूल लौट रहा था। उसी क्रम में मधुपुर स्टेशन पर ट्रेन में अज्ञात युवक अजय के बगल में आकर बैठ गया।

आरोप है कि अज्ञात ने पहले यात्री की जेब से मोबाइल और पैसा निकालने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने सीट के नीचे रखे थैला को उठाने का प्रयास करने लगा। दोबारा विरोध होने पर ट्रेन जसीडीह स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर रुकी, तो युवक वहां उतरकर खिड़की के पास खड़ा हो गया। आरोप है कि ट्रेन खुलते ही उसने अचानक अजय पर एसिड अटैक कर दिया, जिससे उसका चेहरा और आंखें बुरी तरह झुलस गईं। वहीं दूसरी ओर यात्री की चीख-पुकार सुनकर अन्य यात्रियों ने पीड़ित की मदद करते हुए चेहरा पानी से धोया गया। उसके बाद क्यूल स्टेशन पर उतरकर किसी तरह अपने परिवारजनों को सूचना दी। परिजन उसे पहले लक्खीसराय सदर अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) ले गए। वहां डॉक्टरों ने बताया कि आंखों की स्थिति गंभीर थी, हालांकि इलाज के बाद अब हालत में सुधार हुआ है। स्थिति संभलने के बाद घटना की लिखित शिकायत जसीडीह रेल थाना में दर्ज कराई गयी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन जारी है। इस घटना से यात्रियों में दहशत का माहौल है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




