शादी का झांसा देकर पांच साल तक महिला का यौन शोषण
देवघर में एक 30 वर्षीय महिला ने 30 वर्षीय युवक पर शादी का झांसा देकर पांच वर्षों तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला ने कहा कि आरोपी ने उसे किराए के मकान में रखा और शादी का वादा किया लेकिन हमेशा...

देवघर। नगर थाना क्षेत्र में एक 30 वर्षीया महिला ने शादी का झांसा देकर पांच वर्षों तक यौन शोषण का आरोप 30 वर्षीय युवक पर लगाया है। पीड़िता नगर के एक मोहल्ले की निवासी और एक बच्चे की मां है। महिला ने आरोपी के खिलाफ थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अपनी शिकायत में बताया है कि उसकी शादी एक युवक से हुई थी, जिससे एक बेटा भी है। पति के अभद्र व्यवहार और घरेलू कलह के कारण वह उसके साथ रहना छोड़ चुकी थी। उसी दौरान उसकी पहचान एक युवक से हुई, उसने शुरू में सहानुभूति जता धीरे-धीरे उसके नजदीक आ गया।
आरोपी जसीडीह थाना क्षेत्र निवासी है, लेकिन पिछले कई वर्षों से नगर थाना क्षेत्र में मकान बनाकर पूरे परिवार के साथ रहता है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने उसके साथ शादी का वादा कर लगातार पांच वर्षों तक एक किराए के मकान में रखकर उसका शारीरिक शोषण किया। महिला का आरोप है कि युवक हर बार शादी की बात टालता रहा और अलग-अलग बहाने बनाता रहा। उसी दौरान उसने महिला से एक लाख रुपए का कर्ज भी उसके नाम पर उठा लिया, लेकिन न कर्ज के पैसे लौटाए और ना ही उसके साथ शादी की। जब उसपर शादी का दबाव बनाया गया, वह टालमटोल करने लगा और उसका व्यवहार बदल गया। अंतत: मंगलवार को पीड़िता ने नगर थाना में इस पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आवेदन के आधार पर जांच-पड़ताल में जुटी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




