MMDR कानून के खिलाफ पूरे झारखंड में होगा आंदोलन, सड़कों पर उतरेंगे JMM-कांग्रेस नेता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन विधेयक के माध्यम से राज्यों को खनिजों पर सेस वसूलने के अधिकार को समाप्त करने का केंद्र सरकार के फरमान के विरोध में आगामी 27 अगस्त से कांग्रेस राज्यव्यापी आंदोलन करेगी।

झारखंड में कांग्रेस पार्टी खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम एवं चंदा चोरी के खिलाफ प्रखंड स्तर से लेकर राज्य स्तर तक व्यापक संघर्ष करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन विधेयक के माध्यम से राज्यों को खनिजों पर सेस वसूलने के अधिकार को समाप्त करने का केंद्र सरकार के फरमान के विरोध में आगामी 27 अगस्त से कांग्रेस राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। इस आंदोलन में कांग्रेस के साथ जेएमएम भी तैयारी कर रही है।
इस क्रम में 27 अगस्त को जिला मुख्यालय में एकदिवसीय धरना दिया जाएगा तथा महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। उसके बाद 7 सितंबर को राज्य स्तरीय धरना लोक भवन के समक्ष दिया जाएगा एवं 9 से 16 सितंबर के बीच सभी प्रखंड मुख्यालय में धरना दिया जाएगा। प्रखंड स्तरीय धरना समाप्त होने के बाद आगामी कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को कांग्रेस भवन में संवाददाताओं से बात कर रहे थे। इस दौरान सांसद सुखदेव भगत, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, प्रवक्ता सोनाल शांति, उज्जवल प्रकाश तिवारी उपस्थित थे।
क्या बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
इस मामले पर बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन विधयेक से झारखंड को होने वाले नुकसान और राम मंदिर में चंदा चोरी प्रकरण को प्रखंड स्तर तक ले जाकर जनता को भारतीय जनता पार्टी की सच्चाई बताई जाएगी। खनिजों पर सेस हटाने से कई जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रभाव पड़ेगा। स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेंशन, मईया सम्मान जैसी योजनाएं प्रभावित होंगी। वर्ष 2024-25 में खनिज से झारखंड को 1380 करोड़ तथा 25- 26 में 7487.91 करोड़ मिले थे। इससे कई योजनाओं की प्रगति में राज्य को वित्तीय सहायता मिली थी। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि जमीन, खनिज झारखंड का है। प्रदूषण और विस्थापन का दर्द झारखंड के लोग झेले हैं। लेकिन निर्देश केंद्र देगा, यह किसी भी कीमत पर नहीं चलेगा। शेष लगाने का अधिकार सुप्रीम कोर्ट ने दिया था। क्या मोदी सरकार उससे भी ऊपर है? केंद्र राज्यों पर अपना तानाशाही निर्णय थोप रही है।
केंद्र सरकार कल्याणकारी राज्य की अवधारणा की जगह लाभ-हानि की सरकार चलाना चाहती है। ग्रॉसरी दुकान की तरह मुनाफा कमाना चाहती है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने खनन की सीमा बढ़ाकर असीमित कर दिया है। इससे विस्थापन की समस्या बढ़ेगी। इस विधेयक में संशोधन के बाद झारखंड को 14656 करोड़ का सालाना नुकसान का अंदेशा है। हम इस पूरे मुद्दे पर भाजपा की चुप्पी को बेनकाब करेंगे। राम मंदिर चंदा चोरी पर उन्होंने कहा कि चंपत राय जैसे लोगों को क्लीन चिट देना, यह साफ दिखाता है कि भाजपा चंदा चोरी में शामिल है। राम मंदिर बनाने का क्रेडिट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लेते हैं, लेकिन चंदा चोरी की जिम्मेदारी से भागते हैं।

