विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर चतरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त रवि आनंद ने तंबाकू सेवन के हानिकारक प्रभावों पर चर्चा की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। तंबाकू निषेध शपथ और हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

चतरा, संवाददाता। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार, चतरा में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम सह उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री रवि आनंद द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अताउर रहमान, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, पुलिस उपाधीक्षक चतरा, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, जिला उपाधीक्षक सदर अस्पताल सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्मुखीकरण कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री रवि आनंद ने तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन अनेक गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है तथा इससे न केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि परिवार एवं समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सभी लोगों से तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। सिविल सर्जन ने तंबाकू सेवन से उत्पन्न होने वाले विभिन्न रोगों एवं स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की जानकारी देते हुए लोगों को इससे दूर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान तंबाकू निषेध शपथ ग्रहण कराया गया। साथ ही "तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो" विषयक पोस्टर का विमोचन किया गया तथा तंबाकू नियंत्रण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


