जिला मुख्यालय में समय से पहले गहराया पेयजल संकट
चतरा में ठंड का मौसम समाप्त नहीं हुआ है, लेकिन पेयजल संकट गहरा गया है। नगर पालिका क्षेत्र के कई वार्डों में जलस्तर तेजी से गिरा है, जिससे स्थानीय लोग पानी की तलाश में भटक रहे हैं। महिलाएं और बच्चे दूर-दूर तक पानी के लिए जा रहे हैं। प्रशासन से जलापूर्ति और चापानलों की मरम्मत की मांग की गई है।

चतरा हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। ठंड का मौसम पूरी तरह समाप्त भी नहीं हुआ है, लेकिन जिला मुख्यालय में पेयजल संकट ने गहराना शुरू हो गया है। चतरा नगर पालिका क्षेत्र के कई वार्डों में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। गुदरी बाजार, राम नगर चौक, दिभा और चुड़ीहार मोहल्ला सहित अन्य इलाकों में जलस्तर तेजी से नीचे चला गया है। इन मोहल्लों में पेयजल के प्रमुख स्रोत कुआं और चापानल हैं, जिनका जलस्तर काफी गिर चुका है। कई चापानल पूरी तरह से सूख गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। सुबह से ही महिलाएं और बच्चे पानी की तलाश में दूर-दराज के इलाकों तक जाने को मजबूर हैं।
आर्थिक रूप से संपन्न परिवार तो किसी तरह वैकल्पिक व्यवस्था कर ले रहे हैं, लेकिन गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से अविलंब टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति कराने और खराब चापानलों की मरम्मत की मांग की है। समय रहते ठोस पहल नहीं हुई तो गर्मी बढ़ने के साथ संकट और गहरा सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



