वट सावित्री पूजा आज, बाजार में उमड़ी महिलाओं की भीड़
चतरा में वट सावित्री पूजा के लिए महिलाओं की भीड़ बाजारों में उमड़ पड़ी। सुहागिन महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए इस पूजा को श्रद्धा से करती हैं। फल, फूल, साड़ी, और विशेष रूप से हाथ से चलने वाले पंखों की मांग बढ़ी है, जिससे बाजार में रौनक बढ़ गई है।

चतरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। वट सावित्री पूजा को लेकर शुक्रवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में काफी चहल-पहल देखी गई। पूजा की तैयारी को लेकर सुबह से ही महिलाओं की भीड़ बाजारों में उमड़ पड़ी। सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए इस व्रत और पूजा को पूरे श्रद्धा एवं विश्वास के साथ करती हैं। पूजा को लेकर फल, फूल, पूजन सामग्री, साड़ी, चूड़ी, सिंदूर, बिंदी और मिठाइयों की दुकानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रही। खासकर हाथ से चलने वाले पारंपरिक पंखों की बिक्री इस बार सबसे अधिक देखी गई। दुकानदारों के अनुसार वट सावित्री पूजा में हाथ वाले पंखे का विशेष महत्व माना जाता है, जिसके कारण इसकी मांग काफी बढ़ गई है।
महिलाएं पूजा के लिए बरगद वृक्ष के पास चढ़ाने वाली सामग्री भी खरीदती नजर आईं। बाजार में रौनक बढ़ने से व्यापारियों के चेहरे भी खिले दिखे। कई दुकानदारों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों की अपेक्षा शुक्रवार को बिक्री में काफी बढ़ोतरी हुई है। पूजा को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


