मौसेरे भाई से झगड़े के बाद 16 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या
चतरा के सुरही मुहल्ला में पारिवारिक विवाद के चलते 16 वर्षीय श्रवण पांडेय ने आत्महत्या कर ली। आठवीं कक्षा के छात्र श्रवण ने सुसाइड नोट में अपने मौसेरे भाई कमलेश को जिम्मेदार ठहराया। श्रवण के माता-पिता...

चतरा, प्रतिनिधि। शहर के सुरही मुहल्ला में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। गिद्धौर प्रखंड के पांडेय टोला निवासी व सुरही मोहल्ला में किराये के मकान में रहने वाले 16 वर्षीय श्रवण पांडेय ने मामूली विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक आठवीं कक्षा का छात्र था और विवेकानंद आदर्श विद्यालय में पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद मुहल्ले में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें श्रवण ने अपनी मौत के लिए अपने मौसेरे भाई कमलेश पांडेय को जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट में लिखा है कि बाबाघाट मैदान में कमलेश ने उसे रोका और मारपीट की।
साथ ही श्रवण ने लिखा कि उसके घर वाले भी उस पर विश्वास नहीं करते थे और उसे ही दोषी ठहराते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में था। मृतक की मां उर्मिला देवी ने बताया कि राजपुर थाना क्षेत्र के पेलतौल गांव निवासी उनकी बहन का बेटा कमलेश पांडेय नगवां मुहल्ला में किराए के मकान में रहता है और वह अक्सर श्रवण के साथ मारपीट करता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। मां उर्मिला देवी ने बेटे की आत्महत्या के लिए कमलेश को जिम्मेदार ठहराते हुए सदर थाना में आवेदन दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सुसाइड नोट के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। बताते चलें कि श्रवण के पिता दीपेंद्र पांडेय का निधन चार वर्ष पूर्व ही हो गया था। आर्थिक तंगी में मां उर्मिला देवी अपने दो बेटों के साथ सुरही मुहल्ला में किराए के मकान में रहकर बच्चों की परवरिश कर रही थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


