चतरा में पारा 41 के पार, जल संकट से लोग बेहाल

हिन्दुस्तान, चतरा
Follow us on Google News
share

चतरा जिले में तापमान 41 डिग्री पार पहुँच गया है, जिससे जल संकट गहरा गया है। शहर के विभिन्न मोहल्लों में पानी की आपूर्ति केवल चार से पांच दिन में एक बार हो रही है। लोगों को पानी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और कई परिवार बाजार से बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं।

चतरा में पारा 41 के पार, जल संकट से लोग बेहाल

चतरा, प्रतिनिधि। जिले में लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। अभी पारा 41 डिग्री के पार पहुँच चुका है। एक तो गर्मी, ऊपर से जल संकट भी गहराने लगा है। साथ ही साथ बिजली की स्थिति भी यहाँ बद से बदतर हो गई है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। शहर की बड़ी आबादी गर्मी शुरू होते ही पेयजल के लिए त्राहिमाम करने लगती है। शहर के धंगरटोली, गुदरी बाजार, बुच्चीडाड़ी, चूड़ीहार मोहल्ला, दीभा मोहल्ला, बुच्चड़टोली, नूर नगर और आजाद नगर जैसे शहरी इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है। अभी शहर को चार से पांच दिनों में एक बार जलापूर्ति मिल रही है।

शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले हेरुआ डैम और लक्षणपुर डैम में जलस्तर काफी नीचे चला गया है। शहरवासियों को जरूरत भर पानी के लिए सुबह से ही जद्दोजहद करनी पड़ रही है। कई परिवारों के सदस्य सुबह-सुबह पानी की तलाश में निकल जाते हैं। शाम होते ही लोग उन स्थानों पर इकट्ठा हो जाते हैं, जहाँ किसी तरह पानी उपलब्ध होता है। लोग बोतल और बाल्टी लेकर घंटों इंतजार करते हैं। कई बार पानी नहीं मिलने पर मजबूरन बाजार से जार और बोतलबंद पानी खरीदकर घर का काम चलाना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि निगम द्वारा लगाए गए चापानलों और आसपास के जल स्रोतों पर लंबी कतारें लग रही हैं। पानी की कमी का असर दैनिक जीवन पर साफ दिख रहा है। बच्चों को स्कूल जाने में देरी हो रही है, वहीं नौकरीपेशा लोगों को भी समय पर कार्यालय पहुँचने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से जलापूर्ति बाधित है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।सिटी मैनेजर ने कहाइस संबंध में नगर परिषद के सिटी मैनेजर रंजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल किसी भी मोहल्ले में पानी का टैंकर नहीं भेजा गया है, क्योंकि निगम के पास टैंकर उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही टैंकर की व्यवस्था होगी, तुरंत प्रभावित इलाकों में पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। भीषण गर्मी के बीच जल संकट ने चतरा शहर के लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।