भीषण गर्मी और बिजली की आंख-मिचौनी से लोग त्राहिमाम
चतरा में भीषण गर्मी ने लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। बुधवार को तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोग परेशान हैं। गर्मी के कारण अस्पतालों में लू, डायरिया और बुखार के सैकड़ों मरीज पहुंच रहे हैं। दवा की कमी और अस्पतालों में भीड़ से लोग और अधिक परेशान हो रहे हैं।

चतरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सुबह आठ बजते ही कड़ी धूप और गर्मी से लोग बेहाल हो रहे हैं। गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा छाया रहता है। बुधवार को भी चतरा में पारा 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा। एक तो गर्मी, ऊपर से बिजली की आंख-मिचौनी से लोग त्राहिमाम हैं। न घर में चैन है और न बाहर ही चैन मिल रहा है। घर में पंखा चलने के बाद भी पसीना निकल रहा है। लोगों का कहना है कि इस तरह की गर्मी बहुत जमाने के बाद आई है। पिछले वर्ष भी गर्मी थी, लेकिन इतनी और ऐसी गर्मी नहीं थी।
गर्मी के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। इसमें सबसे अधिक बच्चे और बुजुर्गों को नुकसान हो रहा है। लू के कारण दर्जनों मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। सदर अस्पताल में प्रत्येक दिन लू, डायरिया व बुखार के सैकड़ों मरीज पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सदर अस्पताल में दो से तीन ओपीडी चालू कर दिए गए हैं, जहां मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बुधवार को लगभग 300 से ऊपर मरीज पहुंचे। मरीजों को देखने के बाद चिकित्सकों ने जो दवाएं सदर अस्पताल में मौजूद थीं उन्हें दिया, तथा शेष दवाओं को बाहर से खरीदने के लिए लिख दिया। लेकिन, बुधवार को दवा दुकानें बंद रहने के कारण मरीजों को बहुत परेशानी हुई। मरीजों के साथ-साथ उनके परिजन भी दिन भर दवा के लिए हलकान रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


