Chatra News: महंगाई की मार से बिगड़ा घरों का बजट, खाद्य सामग्री के दाम बढ़े
Chatra News: चतरा जिले में महंगाई तेजी से बढ़ रही है, जिससे आम लोगों का बजट प्रभावित हुआ है। चीनी की कीमत 50 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो पहुँच गई है। सब्जियों और सूखे मेवों की कीमतें भी बढी हैं। गृहिणियों को जरूरत के अनुसार सामान खरीदने में कठिनाई हो रही है।

Chatra News: चतरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। चतरा जिला में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों के घर का बजट बिगाड़ दिया है। चीनी समेत कई खाद्य सामग्रियों की कीमतों में तेजी आने से रसोई का खर्च बढ़ गया है। पिछले 7 अगस्त से चीनी का भाव 50 रुपये से बढ़कर करीब 70 रुपये प्रति किलो पहुंच गया। वहीं, पिछले तीन महीनों में उड़द दाल, सरसों तेल और रिफाइंड तेल की कीमतों में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। हालांकि, वर्तमान में सरसों तेल और रिफाइंड तेल के भाव में खास बदलाव नहीं हुआ है। सूखे मेवों की कीमत में भी करीब 200 रुपये प्रति किलो तक तेजी आई है।
चावल के दाम में भी बढ़ोतरी हुई है। सब्जियों के बाजार में भी महंगाई का असर साफ दिख रहा है। फूलगोभी 70, बीन 60, पटल 50, बैंगन 40, करेला 40, टमाटर 30, कद्दू 30, कांदा 40, ओल 60, भिंडी 20 और बोदी 40 रुपये प्रति किलो बिक रही है। प्याज 50 रुपये, जबकि लहसुन 180 से 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। महंगाई के कारण मिठाई कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। कई कारोबारियों ने मिठाइयों के दाम में 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने कि बात कह रहे है। हालांकि गोलू भाई मिठाई वाला के संचालक गोलू भाई ने बताया कि अभी तक उनकी दुकान पर मिठाइयों के दाम नहीं बढ़ाए गए हैं। यदि यही स्थिति रही तो रक्षाबंधन तक कीमत बढ़ानी पड़ सकती है।गृहिणियों का कहना है कि सब्जी, दाल और चीनी के दाम अचानक बढ़ने से घर का बजट गड़बड़ा गया है। अब जरूरत के अनुसार कम मात्रा में सामान खरीदना पड़ रहा है।

