कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को प्रहलाद ने सिखाया मत्स्य पालन का गुर
हंटरगंज के प्रहलाद चौधरी मछली पालन में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उन्हें कृषि विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण शिविर में आमंत्रित किया गया है ताकि वे अपने अनुभव साझा कर सकें। विद्यार्थियों को मछली बीज तैयार करने की विधियां सिखाई गईं और उनके द्वारा चारे की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी दी गई।

हंटरगंज निज प्रतिनिधि। हंटरगंज प्रखंड के जोरी बाजार निवासी प्रहलाद चौधरी मछली पालन के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। मछली पालन के क्षेत्र में रोजगार सृजन हेतु उनके द्वारा विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं। मछली पालन के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता का लोहा अब कृषि विश्वविद्यालय भी मानने लगा है। कृषि विश्वविद्यालय में चल रहे 10 दिनी ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव से संबंधित प्रशिक्षण में उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। प्रहलाद चौधरी को इस प्रशिक्षण शिविर में इसलिए बुलाया गया है, ताकि धरातल पर मछली पालन के क्षेत्र में उनके बेहतर कार्यों का अनुभव कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को मिल सके।
इस प्रशिक्षण शिविर में कृषि विश्वविद्यालय के गमला कॉलेज के कॉलेज ऑफिसर साइंस के सातवें सेमेस्टर के विद्यार्थी प्रहलाद चौधरी से उनके कार्य अनुभवों को साझा कर अपने प्रशिक्षण को बेहतर बना रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर में प्रहलाद चौधरी ने मत्स्य पालन के क्षेत्र में अपने प्रारंभिक दौर से लेकर वर्तमान में राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित अपने कीर्तिमानों को विद्यार्थियों के साथ साझा किया। इससे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थी काफी प्रभावित हुए और उनसे काफी कुछ सीखा। इस दौरान प्रहलाद चौधरी ने विद्यार्थियों को मछली बीज तैयार करने की कई विधियां बताईं। उन्होंने रोहू, कतला, मिर्गल, अमेरिकन कॉर्प, पैनगैसियस, तिलापिया सहित अन्य कई प्रकार की मछलियों के बीज स्वयं तैयार करने की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को बताया कि उनके द्वारा पूरे झारखंड और बिहार में मछलियों के लिए चारा उपलब्ध कराया जाता है और पूरे साल विभिन्न प्रकार की मछलियों का बीज भी तैयार किया जाता है। विद्यार्थियों ने प्रह्लाद चौधरी के मछली पालन स्थल पर पहुंचकर जानकारी लेने की इच्छा भी जताई। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और विद्यार्थियों को इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित भी किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


