सभी पदाधिकारी दायित्वों का निर्वहन करें: डीसी

Feb 23, 2026 12:45 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, चतरा
share

रविवार को चतरा कॉलेज में मतदान कर्मियों के लिए संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें जिला निर्वाचन पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और सामान्य प्रेक्षक ने भाग लिया। निर्वाचन कार्य से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए और मतदान केंद्रों की सुरक्षा पर चर्चा की गई। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

सभी पदाधिकारी दायित्वों का निर्वहन करें: डीसी

चतरा, संवाददाता। रविवार को चतरा कॉलेज परिसर में मतदान कर्मियों के लिए संयुक्त ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। ब्रीफिंग में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कीर्तिश्री जी, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल एवं सामान्य प्रेक्षक सुधीर दास उपस्थित रहे। इस दौरान निर्वाचन कार्य से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने मतदान सामग्री की सुरक्षित हैंडलिंग, बैलेट पेपर एवं मतपेटी से संबंधित प्रावधान, सीलिंग प्रक्रिया तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुपालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सभी मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी है। संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है। सामान्य प्रेक्षक सुधीर दास ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। ब्रीफिंग के उपरांत मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिला प्रशासन ने परिवहन, सुरक्षा, संचार एवं आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतांत्रिक पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने एवं अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की है। उक्त मौके पर सभी निर्वाची पदाधिकारी,सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।