सहायक आचार्यों की नियुक्ति को लेकर काउंसिलिंग 5 जनवरी को
झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 2023 की प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। काउंसिलिंग 5 जनवरी 2026 को चतरा में आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज़ और आवेदन पत्र के साथ उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया है।

चतरा, संवाददाता। जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग के विज्ञापन संख्या13/2023 के आलोक में सरकार के सचिव, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखण्ड, राँची द्वारा निर्गत ज्ञापांक 1490 दिनांक 30 जुलाई 2025 एवं ज्ञापांक 1504 दिनांक 31 जुलाई 2025 के निर्देशानुसार झारखण्ड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के आधार पर चयनित एवं अनुशंसित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। जिला शिक्षा अधीक्षक ने आगे बताया कि उक्त 24 अनुशंसित अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग 5 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न तीन बजे तक डीआरडीए हॉल, चतरा में आयोजित की जाएगी।
काउंसिलिंग प्रक्रिया उपायुक्त, चतरा द्वारा नामित नोडल पदाधिकारी अनुमण्डल पदाधिकारी, चतरा की निगरानी में संपन्न कराई जाएगी। काउंसिलिंग के लिए अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे वेबसाइट पर उपलब्ध जाँच-पत्रक को अपनी हस्तलिपि में हिन्दी अथवा अंग्रेज़ी में भरकर उपस्थित हों। साथ ही आवेदन के समय संलग्न किए गए सभी संबंधित मूल प्रमाण-पत्र, दो सेट स्व अभिप्रमाणित छायाप्रति, तथा चार पासपोर्ट साइज श्वेत-श्याम फोटो (एक स्व-अभिप्रमाणित फोटो जाँच पत्रक पर चिपकाकर एवं तीन अतिरिक्त प्रतियां) कवर फाइल (दो प्रति) में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को फोल्डर, फाइल के ऊपरी भाग में अपना नाम, पिता का नाम, रजिस्ट्रेशन संख्या, कोटि एवं मोबाइल नंबर स्पष्ट एवं बड़े अक्षरों में अंकित करने का निर्देश दिया गया है।


