उज्ज्वला का 45 दिन में और सामान्य के लिए 30 दिन में मिलेगा सिलेंडर
मध्य पूर्व में युद्ध और वैश्विक ईंधन संकट के बीच, भारत में गैस सिलेंडर की उपलब्धता पर निगरानी बढ़ाई गई है। तेल कंपनियों ने होम डिलीवरी में देरी करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। चतरा जिले में गैस आपूर्ति सामान्य है और उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी मिल रही है।

चतरा, प्रतिनिधि। मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में जारी युद्ध और वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति पर बने दबाव के बीच, देशभर में गैस सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण पर निगरानी बढ़ा दी गई है। तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी में अनावश्यक देरी करने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत जांच, जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने जैसे कड़े कदम उठाए जा सकते हैं। हालांकि, चतरा जिले की स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है। यहाँ गैस सिलेंडर की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है और उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी मिल रही है।
स्थानीय स्तर पर किसी भी एजेंसी के खिलाफ देरी या लापरवाही की कोई शिकायत अब तक सामने नहीं आई है। तेल कंपनियों ने यह भी निर्देश दिया है कि होम डिलीवरी न देना, अतिरिक्त शुल्क की वसूली करना या उपभोक्ताओं को परेशान करने जैसी शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर तुरंत अपनी शिकायत दर्ज कराएं। कुल मिलाकर, अंतरराष्ट्रीय तनाव के बावजूद चतरा में गैस वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से जारी है, जिससे आम लोगों ने राहत की सांस ली है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


