तुलबुल में वन अग्नि सुरक्षा व हाथी-मानव टकराव पर नुक्कड़ नाटक
हजारीबाग के वन प्राणी प्रमंडल ने वन अग्नि सुरक्षा और हाथी-मानव टकराव के मुद्दों पर जनजागरूकता अभियान चलाया। वन कर्मियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीणों को आग की रोकथाम और हाथियों के साथ सुरक्षित दूरी बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण में लोगों की भागीदारी को बढ़ाना था।

कान्हाचट्टी प्रतिनिधि। वन प्राणी प्रमंडल हजारीबाग के बैनर तले मंगलवार को वन अग्नि सुरक्षा एवं हाथी-मानव टकराव जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस क्रम में तुलबुल, जसपुर एवं क्षेत्र के अन्य विभिन्न स्थानों पर वन कर्मियों संतोष यादव, चंद्रदेव यादव, गोविंद भुइंया, पंकज कुमार, दशरथ, अजय एवं वन विभाग के सिपाहियों श्रवण कुमार महतो, कुलदीप कुमार महतो, जैनेन्द्र कुमार उपस्थित थे। नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वनकर्मियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में छोटी सी लापरवाही भी भीषण वन आग का रूप ले सकती है, जिससे वन संपदा, वन्यजीव एवं पर्यावरण को भारी नुकसान होता है।
लोगों से अपील की गई कि वे जंगलों में आग न लगाएं और आग लगने की स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचित करें। वहीं, हाथी-मानव टकराव के विषय पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि हाथियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतना जरूरी है। ग्रामीणों को समझाया गया कि हाथियों को उकसाने या उनके रास्ते में बाधा डालने से बचें तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें। इस मौके पर वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग बनाना है। उन्होंने कहा कि वन और वन्यजीवों की सुरक्षा में आम जनता की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिए गए संदेशों को सराहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


