निषिद्ध मादक पदार्थों की रोकथाम औरजन जागरुकता को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला
चतरा में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा नशे की रोकथाम और जागरूकता के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि नशा सामाजिक और स्वास्थ्य समस्याओं का कारण है, और युवाओं को इसके प्रभाव से बचाने के लिए शिक्षकों, अभिभावकों और प्रशासन को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

चतरा, संवाददाता। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) सह प्रशिक्षण भवन में निषिद्ध मादक पदार्थों की रोकथाम, नियंत्रण एवं जनजागरूकता को लेकर जिलास्तरीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त ने कहा कि नशा सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी अनेक समस्याओं का प्रमुख कारण है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए शिक्षकों, अभिभावकों एवं प्रशासन को समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाए, ताकि वे स्वयं भी इससे दूर रहें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक कर सकें।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी चतरा श्री जहूर आलम ने सभी प्रतिभागियों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया श्री प्रदीप कुमार महतो ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं तथा बच्चों एवं उनके अभिभावकों तक जागरूकता संदेश पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यालयों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने पर बल दिया। कार्यशाला के दौरान मास्टर ट्रेनर श्री अजीत कुमार मिश्रा एवं डॉ. मंटू प्रजापति ने निषिद्ध मादक पदार्थों के विभिन्न प्रकार, उनके सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों, पहचान के संकेतों, बचाव के उपायों तथा नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षण में बताया गया कि नशीले पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज एवं राष्ट्र की प्रगति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


