बनहा में कलश यात्रा के साथ कल से गूंजेंगे भक्ति के स्वर, तैयारियां पूरी
बेलखोरी पंचायत के बनहा गांव में 22 अप्रैल से श्री श्री 108 शिव-पार्वती हनुमत मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा सह महायज्ञ का आयोजन होगा। कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने भव्य पूजा पंडालों और तोरण द्वारों का निर्माण किया है। आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक उत्सव का माहौल बना हुआ है।

मयूरहंड प्रतिनिधि। प्रखंड के बेलखोरी पंचायत अंतर्गत बनहा गांव में कल यानी 22 अप्रैल से भक्ति और आस्था का सैलाब उमड़ने वाला है। अवसर है श्री श्री 108 शिव-पार्वती हनुमत मंदिर प्राण प्रतिष्ठा सह महायज्ञ का, जिसकी शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ की जाएगी। यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह है। कलश यात्रा में न केवल बनहा गांव, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। स्थानीय लोगों ने इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। महायज्ञ को भव्य रूप देने के लिए गांव में आकर्षक पूजा पंडालों और तोरण द्वारों का निर्माण किया गया है।
पूरे गांव को ध्वजा-पताकाओं से सजाया गया है, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। मंदिर परिसर की साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य भी संपन्न हो चुका है।कलश यात्रा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति ने वालंटियर्स की तैनाती की है। इस आयोजन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्सव का माहौल बना हुआ है और लोग इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए तत्पर हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


