होम गार्ड बहाली प्रक्रिया का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
जिले के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 1 अप्रैल से होमगार्ड बहाली प्रक्रिया का उपायुक्त कीर्तिश्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीकरण, शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन का जायजा लिया। अभ्यर्थियों ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। उपायुक्त ने पारदर्शी और सुव्यवस्थित बहाली प्रक्रिया के निर्देश दिए।

चतरा संवाददाता जिले के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक अप्रैल से संचालित हो रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया का उपायुक्त कीर्तिश्री ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बहाली प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पंजीकरण, शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं दस्तावेज सत्यापन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अनुभवों की जानकारी ली। अभ्यर्थियों ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया, जिस पर उपायुक्त ने संतोष व्यक्त किया और प्राप्त सुझावों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बहाली प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाए।
उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पेयजल, छाया, चिकित्सा सुविधा, शौचालय एवं विश्राम स्थल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों के साथ संवेदनशील तथा सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि यह बहाली प्रक्रिया जिले के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, अतः सभी संबंधित अधिकारी इसे पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराएं। मौके पर एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी, दंडाधिकारी और पुलिस बल के जवान मौजूद थे।फोटो 07 अप्रैल चतरा 5- होम गार्ड बहाली प्रक्रिया का निरीक्षण करतीं उपायुक्त
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


