चतरा लोकसभा में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन होगा : जिला अध्यक्ष गोप
कांग्रेस पार्टी के नए जिला अध्यक्ष चंद्रदेव गोप ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य जिले में कांग्रेस को शीर्ष स्थान पर लाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। गोप...

चतरा प्रतिनिधि। कांग्रेस पार्टी को जिले में शीर्ष स्थान पर पहुंचाना ही उनका एकमात्र लक्ष्य है। कांग्रेस में अब कोई गुटबाजी नहीं होगी। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने में लगेंगे। उक्त बातें कांग्रेस के नये जिला अध्यक्ष चंद्रदेव गोप ने प्रेस कांफ्रेंस कर कही। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास जताया है, वे उसपर खरे उतरेंगे और कांग्रेस को जिले में मजबूती देने के लिए तन, मन और धन से पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम बनाई जाएगी, जो पार्टी के विचारों और योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और अब किसी भी कार्यकर्ता को उपेक्षा का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में शपथ लिया कि किसी भी परिस्थिति में कांग्रेस को चतरा जिला में सबसे ऊपर लाने के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने बताया कि वे 1989 से राजनीति में सक्रिय हैं, और पिछले 18 वर्षों से सामाजिक न्याय के लिए लगातार संघर्ष करते आ रहे हैं। कहा कि आगामी 10 महीनों में कांग्रेस पार्टी जिले की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरेगी। जिले के 50 प्रतिशत से अधिक युवा कांग्रेस के साथ जुड़ेंगे और संगठन को नई ऊर्जा देंगे। चतरा की जनता कांग्रेस को भारी समर्थन देगी। उन्होंने दावा किया कि अगली बार जिले से सांसद और विधायक दोनों कांग्रेस पार्टी के होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रदेव गोप ने कहा कि चतरा अब भी रेलवे जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है, जो यहां के लोगों के साथ अन्याय है। इसे लेकर कांग्रेस जल्द ही रेल आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा, अब चतरा की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यादव समाज से संगठित होकर कांग्रेस के साथ जुड़ने की अपील की। कहा कि आप उसी कृष्ण वंश के वसंज हैं, जिन्होंने बिना हथियार युद्ध जीता था। अब वक्त है कि आप अपने अधिकार के लिए एकजुट हों।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




