होली को लेकर चतरा सदर थाना में शांति समिति की बैठक
चतरा में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने सभी समुदायों को भाईचारा बनाए रखने की अपील की और विवादों से दूर रहने का निर्देश दिया। डीजे और शराब पर सख्त नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई।

चतरा, प्रतिनिधि। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर रविवार को चतरा सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की चतरा सीओ अनिल कुमार व सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस बैठक में नये नगर अध्यक्ष अताउर्रहमान मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक में शहर के दोनों समुदाय के दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे। दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने होली को आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाने का निर्णय लिया। बैठक में पदाधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि होली के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी प्रकार के विवाद या अफवाह से दूर रहें।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि डीजे व साउंड सिस्टम निर्धारित समय सीमा और कम ध्वनि स्तर पर ही बजाए जाएं। शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। थाना प्रभारी ने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा। सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट साझा करने से भी लोगों को परहेज करने की सलाह दी गई। बैठक में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को सहयोग देने और शांतिपूर्ण माहौल में होली मनाने का भरोसा दिलाया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


