
नगर परिषद चुनाव की तैयारियों पर डीसी ने की समीक्षा बैठक,
चतरा में नगर परिषद (आम) निर्वाचन 2026 के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। उपायुक्त ने 82 प्रत्याशियों की संख्या, 22 अध्यक्ष पद के प्रत्याशी, और 36,261 मतदाताओं की जानकारी दी। सभी मतदान केंद्रों की तैयारी की जा रही है और निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।
चतरा संवाददाता। नगर परिषद (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिसमें निर्वाचन की अद्यतन स्थिति, प्रत्याशियों की संख्या, मतदान एवं मतगणना कार्यक्रम सहित तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उपायुक्त ने बताया कि प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात सामान्य प्रेक्षक सुधीर दास एवं व्यय प्रेक्षक द्वारा सभी प्रत्याशियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। बैठक में प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता, व्यय सीमा एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी दे दी गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि शेष 20 वार्डों में वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 82 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनके बीच मतदान के माध्यम से निर्वाचन कराया जाएगा। वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल 22 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि तक किसी भी प्रत्याशी द्वारा नाम वापस नहीं लिए जाने के कारण अध्यक्ष पद के लिए 22 प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा। उपायुक्त ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में कुल 36,261 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 17,879 पुरुष एवं 18,382 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन के सफल संचालन हेतु 22 वार्डों में कुल 42 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो 26 मतदान केंद्र भवनों में संचालित होंगे। उन्होंने आगे बताया कि निर्वाचन की तैयारियों के तहत अधिकारियों द्वारा सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करवा लिया गया है। निरीक्षण के दौरान जिन मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप कुछ कमियां पाई गई हैं, वहां पेयजल, विद्युत, शौचालय, रैंप सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मतदान दिवस से पूर्व सभी मतदान केंद्रों को आयोग के मानकों के अनुरूप पूर्ण रूप से तैयार कर लिया जाएगा। साथ ही उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। व्यय की सघन हो रही निगरानी निर्वाचन में भाग ले रहे प्रत्याशियों द्वारा प्रचार-प्रसार, रैली, जनसभा, गोष्ठी, चुनाव कार्यालय संचालन एवं प्रचार वाहनों पर किए जा रहे व्यय की सघन निगरानी की जा रही है। प्रत्याशियों द्वारा संधारित व्यय लेखा पंजी, अद्यतन पासबुक, सभी व्यय विपत्र, विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रचार वाहनों के संबंध में निर्वाची पदाधिकारी से प्राप्त अनुमति पत्र सहित अन्य आवश्यक कागजातों की जांच व्यय प्रेक्षक की उपस्थिति में व्यय कोषांग द्वारा की जाएगी। यह जांच 11 फरवरी 2026 (बुधवार), 16 फरवरी 2026 (सोमवार) एवं 20 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल, चतरा में आयोजित की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




