चतरा डीसी ने की पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक

Newswrap हिन्दुस्तान, चतरा
share

चतरा जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों एवं ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ डीसी रवि आनंद ने ईंधन की उपलब्धता पर समीक्षा बैठक की। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता के साथ ईंधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई।

चतरा डीसी ने की पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक

चतरा, संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में शुक्रवार को डीसी रवि आनंद की अध्यक्षता में चतरा जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों एवं भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रतिनिधि सेल्स मैनेजरों के साथ वाहन ईंधन की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसी ने निर्देश दिया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के अनुरूप जिले में आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्बाध रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस, स्वास्थ्य सेवा, पुलिस सेवा, खाद्य आपूर्ति, प्रशासनिक विभागों के वाहन, दूध आपूर्ति, समाचार पत्र वितरण एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहनों को निर्बाध एवं प्राथमिकता के साथ ईंधन उपलब्ध कराया जाए ताकि आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से चलती रहें। साथ ही, आम नागरिकों को हो रही वाहन ईंधन उपलब्धता संबंधी समस्याओं के निराकरण एवं आवश्यकतानुसार नियमपूर्वक वाहन ईंधन उपलब्ध कराने का निर्देश पेट्रोल पंप संचालकों एवं ऑयल कंपनियों के सेल्स मैनेजरों को दिया गया। उपायुक्त ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की कृत्रिम मांग अथवा ईंधन संकट जैसी स्थिति उत्पन्न न होने दें। उन्होंने कहा कि वाहन ईंधन की कृत्रिम कमी, जमाखोरी अथवा कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराने का दिया निर्देश

बैठक में सभी पेट्रोल पंपों को प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से सायं 7 बजे तक रिटेलर एवं यात्री बसों को प्राथमिकता के आधार पर नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही, कालाबाजारी रोकने हेतु डिब्बा, बोतल एवं कैन इत्यादि में पेट्रोल, डीजल नहीं देने तथा सभी पेट्रोल पंपों के सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने को कहा गया। उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी, चतरा को ट्रांसपोर्टरों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। वहीं प्रशासन द्वारा अधिसूचित पेट्रोल पंपों को आवश्यक सेवाओं हेतु ईंधन सुरक्षित रखने का निर्देश भी दिया गया। बैठक के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से माँ भगवती पेट्रोल पंप, प्रतापपुर द्वारा तेल की कालाबाजारी से संबंधित शिकायत का मामला संज्ञान में आया। इस पर उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रतापपुर को मामले की जांच कर शीघ्र जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि प्राप्त प्रतिवेदन के आलोक में आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त शादी-विवाह एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए ईंधन उपलब्धता हेतु अनुमंडल पदाधिकारी, चतरा एवं सिमरिया को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

बैठक में किसने अध्यक्षता की?
बैठक में डीसी रवि आनंद ने अध्यक्षता की।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।