होमगार्ड बहाली के नाम पर ठगी से रहे सावधान : उपायुक्त
चतरा जिले के होम गार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अभ्यर्थियों से धोखाधड़ी की जा रही है। उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने कहा है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष है और किसी भी प्रकार की सिफारिश या धन लेन-देन का कोई स्थान नहीं है। अभ्यर्थियों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।

चतरा, संवाददाता। चतरा जिले के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक अप्रैल 2026 से संचालित हो रही होम गार्ड बहाली प्रक्रिया के क्रम में जिला प्रशासन के संज्ञान में यह बात आई है कि कुछ असामाजिक तत्व अभ्यर्थियों को भ्रमित कर ठगी करने का प्रयास कर रहे हैं। प्राप्त शिकायतों के अनुसार, अज्ञात मोबाइल नंबरों से संपर्क कर होम गार्ड में नौकरी दिलाने के नाम पर अवैध रूप से पैसे की मांग की जा रही है। इस संबंध में उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने स्पष्ट कहा है कि जिले में चल रही होम गार्ड बहाली प्रक्रिया पूर्णत: निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की सिफारिश, बिचौलिया अथवा धन लेन-देन का कोई स्थान नहीं है। इस प्रकार की कोई भी मांग पूरी तरह फर्जी एवं गैरकानूनी है। उपायुक्त ने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील करते हुए कहा है कि वे ऐसे किसी भी फोन कॉल, संदेश या व्यक्ति के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना, साइबर सेल या जिला प्रशासन को दें, ताकि ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने आगे कहा कि जिला प्रशासन इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए सतत निगरानी कर रहा है तथा दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को बहाली प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन, चतरा द्वारा सभी अभ्यर्थियों से पुन: आग्रह किया गया है कि वे केवल आधिकारिक सूचना एवं निर्धारित प्रक्रिया पर ही भरोसा करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी से दूर रहें। प्रशासन निष्पक्ष एवं पारदर्शी बहाली प्रक्रिया के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


