
वर्षों से लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए दफादार-चौकीदारों ने समाहरणालय के समक्ष दिया धरना
झारखंड राज्य दफादार और चौकीदार पंचायत ने चतरा में अपनी लंबित मांगों के लिए धरना दिया। जिलाध्यक्ष उमेश पासवान के नेतृत्व में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें चौकीदारों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण दयाल सिंह ने मुख्यमंत्री से चौकीदारों की नियुक्ति प्रक्रिया को सुधारने की अपील की।
चतरा, प्रतिनिधि। झारखंड राज्य दफादार, चौकीदार पंचायत, जिला शाखा चतरा ने अपनी वर्षों से लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया। धरना के दौरान जिलाध्यक्ष उमेश पासवान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा, जिसमें चौकीदारों और दफादारों से संबंधित कई गंभीर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। धरना प्रदर्शन में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण दयाल सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग करते हुए कहा कि जनहित और राज्यहित में भारत की सबसे पुरानी प्रशासनिक व्यवस्था चौकीदारी व्यवस्था बचाने हेतु राज्य में चौकीदारों की नियुक्ति प्रक्रिया और उनके तबादला करने के संबंध में झारखण्ड उच्च न्यायालय रांची द्वारा पारित आदेश को शिथिल करने के लिए तत्काल अध्यादेश जारी करे।

न्याय होना ही काफी नहीं है, न्याय होते दिखना भी चाहिए। बीट से बाहर के अभ्यर्थी को चौकीदार पद पर नियुक्ति करना और इनका तबादला बीट से बाहर करना चौकीदारी मैनुअल और झारखंड चौकीदार संवर्ग नियमावली 2015 में उल्लेखित प्रावधानों के खिलाफ तो है ही यह जनहित और राज्यहित के भी खिलाफ है। जिला अध्यक्ष उमेश पासवान ने कहा कि राज्य सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के पत्र के द्वारा झारखंड के सभी उपायुक्त और सभी पुलिस अधीक्षकों को आदेश दिया गया है कि चौकीदारों दफादारों से चौकीदारी मैनुअल में दिए गए प्रावधानों के आलोक में ही ड्यूटी कराई जाए और बैंक ड्यूटी, कैदी स्कॉट, रोड गश्ति और डाक ड्यूटी कराने पर रोक लगाई जाय और इसको सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाय। लेकिन चतरा जिला के किसी थाना में इसका अनुपालन नहीं हो रहा है। चौकीदारों ने शिकायत की है कि थानेदार सरकारी आदेशानुसार ड्यूटी नहीं कराते है। धरना प्रदर्शन में सर्व राजू पासवान, अशोक भगत, श्यामदेव पासवान, सरेंद्र दांगी, मुमताज अंसारी, शिव कुमार पासवान, परमेश्वर पासवान, शमीम अंसारी, सत्येंद्र तुरी, मजीद मियां, उमेश गोप, रामदेव पासवान, सतार मियां, रंचन देवी, मुनि देवी, जहीन देवी, अशोक पासवान बसंती देवी आदि शामिल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




