Chatra News: ईद मिलादुन्नबी का जुलूस आज, सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
Chatra News: चतरा में पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी मनाया जाएगा। मुस्लिम समुदाय उत्साहित है और अव्वल मोहल्ला से जुलूस निकाला जाएगा। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा उपाय किए हैं, और सभी से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की है।

Chatra News: चतरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को चतरा में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी मनाया जाएगा। इसे लेकर मुस्लिम समुदाय में उत्साह है। जिला मुख्यालय स्थित अव्वल मोहल्ला से जुलूस निकाला जायेगा। वैसे इस अवसर पर विभिन्न मस्जिदों में लोग इबादत करते हैं। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर अव्वल मोहल्ला में मुस्लिम समुदाय की ओर से सुबह करीब आठ बजे जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण करेगा। इस दौरान फातिहा पढ़ी जाएगी और अमन-चैन की दुआ की जाएगी। आयोजन को लेकर समुदाय के लोगों ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इसकी जानकारी मोहम्मद सरवर ने दी।जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।

