
बाजार में पिकअप वैन चालक को दबंगों ने की बेरहमी से पिटाई, हालत गंभीर
लावालौंग में एक पीकअप चालक मो मेराज के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। मोटरसाइकिल सवार ने चालक से पास मांगा और नहीं मिलने पर उसकी पिटाई की। आरोपी ने अपने साथियों को बुलाकर चालक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित का भाई दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।
लावालौंग, प्रतिनिधि। प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार से लौट रहे पीकप चालक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार चतरा जिला मुख्यालय निवासी मो मेराज पिकअप वैन से व्यापारियों को लेकर लावालौंग बाजार आया था। यहां से वापसी के क्रम में जब वह सोहावन फील्ड के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे इसी गांव का एक मोटरसाइकिल सवार ने उससे पास मांगी। तुरंत पास नहीं मिलने पर मोटरसाइकिल सवार ने ओवरटेक कर अपनी बाइक पिकअप वैन के आगे खड़ी कर दी और चालक मो मेराज के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
इतना ही नहीं,आरोपी ने फोन कर अपने कुछ साथियों को भी मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में आठ से दस लोग वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर चालक की अधमरा कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक दिया और पेट पर चढ़कर रौंदा, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए गया ले जाया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत से झुझ रहा है। पीड़ित का भाई मो रियाज ने बताया कि चिकित्सकों का कहना है कि मो मेराज के पेट के अंदरूनी हिस्से और आंत में गहरी चोट के कारण संक्रमण फैल गया है। घटना के बाद मो रियाज ने लावालौंग थाना से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




