पोड़ाहाट में हाथियों का तांडव जारी, आनंदपुर में तोड़े कई घर, ग्रामीणों में दहशत
आनंदपुर प्रखंड के बाघचट्टा गांव में एक जंगली हाथी ने रविवार रात को तांडव मचाया। हाथी ने कई घरों को तोड़कर अनाज और घरेलू सामान नष्ट कर दिए। हालांकि, कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों ने रातभर आग जलाकर हाथी को दूर रखने की कोशिश की। प्रशासन से मुआवजे और स्थायी समाधान की मांग की गई है।

आनंदपुर, संवाददाता। सारंडा के बाद अब पोड़ाहाट क्षेत्र में जंगली हाथी का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की देर रात आनंदपुर प्रखंड के बाघचट्टा गांव में हाथी ने जमकर तांडव मचाया। हाथी ने गांव में घुसकर जयवंय जोजोवार, सिकंदर सुंडी तथा लक्षण खालखो (गुड़गांव निवासी) के घरों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की देर हाथी गांव में दाखिल हुआ और अचानक घरों पर हमला कर दिया। मकानों के टूटने से घर में रखा अनाज, बर्तन व अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय सभी लोग घर से बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पूरी रात आग जलाकर हाथी को दूर रखने की कोशिश की। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे आए दिन जान-माल का खतरा बना रहता है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त घरों का मुआवजा देने और स्थायी समाधान की मांग की है। वहीं वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और हाथी दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



