Chakradharpur News: बिजली की समस्या के समाधान को लेकर ग्रामीणों ने 10 दिनों का दिया अल्टीमेटम

हिन्दुस्तान, चक्रधरपुर
Follow us on Google News
share

Chakradharpur News: पुराना मनोहरपुर गांव के ग्रामीणों ने लंबी बिजली समस्या पर आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने बिजली विभाग को 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया है, जिसमें समस्या समाधान की मांग की गई है। यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो वे शांति से आंदोलन करने की चेतावनी दे रहे हैं। बिजली आपूर्ति के मुद्दे ने गाँव के जीवन को प्रभावित किया है।

Chakradharpur News: बिजली की समस्या के समाधान को लेकर ग्रामीणों ने 10 दिनों का दिया अल्टीमेटम

Chakradharpur News: आनंदपुर। पुराना मनोहरपुर गांव में लंबे समय से बनी बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। सोमवार को गांव के बिजली उपभोक्ताओं एवं ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति विभाग, मनोहरपुर के एसडीओ उपेंन्द्र कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिनों के भीतर समस्या का समाधान करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 11वें दिन से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा 10 दिनों के अल्टीमेटम के साथ ज्ञापन सौंपे जाने के तुरंत बाद बिजली विभाग सक्रिय हो गया।

विद्युत आपूर्ति विभाग के एसडीओ उपेंन्द्र कुमार अपनी टीम के साथ पुराना मनोहरपुर पहुंचे और गांव का स्थल निरीक्षण कर टाउन फीडर से जोड़ने की संभावनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। एसडीओ उपेंद्र कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी तथा आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद गांव को जल्द से जल्द टाउन फीडर से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग ग्रामीणों की समस्या के समाधान के लिए गंभीर है और शीघ्र सकारात्मक पहल की जाएगी।ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव के समीप ही 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थित है, इसके बावजूद उन्हें नियमित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। आए दिन होने वाली बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई, घरेलू कार्य, किसानों की जरूरतें तथा छोटे व्यापारियों का काम भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार बिजली विभाग को लिखित आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मुख्य रूप से पुराना मनोहरपुर गांव को टाउन फीडर से जोड़ने, नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा लो-वोल्टेज और बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि आवेदन प्राप्त होने की तिथि से 10 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो 11वें दिन से गांव के लोग अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन, बिजली विभाग कार्यालय का घेराव और चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रशासनिक अथवा विधि-व्यवस्था संबंधी स्थिति की जिम्मेदारी संबंधित बिजली विभाग एवं प्रशासन की होगी। मौके पर ग्राम प्रधान मनोज नायक, सुमित धल, अश्विनी बघेल विवेक बघेल, स्वरूप पति, विजय किशोर सिंहदेव, विनय बघेल, सुनील नायक, मुच्चीराम नायक एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsJharkhand NewsChakradharpur NewsChakradharpur News: बिजली की समस्या के समाधान को लेकर ग्रामीणों ने 10 दिनों का दिया अल्टीमेटम