तीन वर्षों से छात्रों को नहीं मिल रहा छात्रवृत्ति
गोईलकेरा के प्लस टू हाईस्कूल के छात्रों ने अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोला। छात्रों ने विधायक जगत माझी से मुलाकात कर प्राचार्य लक्ष्मी सुंडी के ट्रांसफर और परीक्षा पंजीकरण में फर्जी हस्ताक्षर की जांच की मांग की। इसके अलावा, छात्रों को छात्रवृत्ति न मिलने और स्कूल की अन्य सुविधाओं की कमी पर भी आवाज उठाई।

गोईलकेरा,संवाददाता। गोईलकेरा के प्लस टू हाईस्कूल में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के विरुद्ध छात्रों ने मोर्चा खोल दिया। वर्षों से स्कूल में सुविधाओं से वंचित हो रहे छात्रों ने गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच करने और प्राचार्य लक्ष्मी सुंडी को अन्यत्र ट्रांसफर करने की मांग को लेकर विधायक जगत माझी से मुलाकात की। छात्रों ने विधायक को बताया कि 11वीं के छात्र- छात्राओं का परीक्षा पंजीयन के दौरान फर्जी हस्ताक्षर से सब्जेक्ट बदल दिया जाना न केवल गंभीर अपराध है, बल्कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ भी है। इसके अलावा पिछले तीन वर्षों से स्कूल के बच्चों को छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं होने के मामले में भी छात्रों ने मुखरता से अपनी बात रखी।
उन्होंने बताया कि प्राचार्य की लापरवाही के कारण तीन वर्षों से छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति नहीं मिल रहा है। इसका असर गरीब, वंचित और आदिवासी छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर पड़ रहा है। स्कूल में पेयजल, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं रहती। स्मार्ट बोर्ड वर्षों से खराब पड़े हैं। छात्र-छात्राओं ने विधायक जगत माझी को ज्ञापन सौंप कर प्राचार्य का ट्रांसफर कराने की मांग की। विधायक जगत माझी ने मामले से डीसी चंदन कुमार को अवगत कराते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बता दें कि विगत दिनों छात्रों की शिकायत पर डीईओ ने स्कूल का औचक निरीक्षण कर प्राचार्य को जमकर फटकार लगाई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


