Chakradharpur News: राजा नरपति सिंह बालिका उवि परिसर में जलजमाव
Chakradharpur News: राजा नरपति सिंह बालिका उच्च विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार से विद्यालय भवन तक जाने वाली सड़क जर्जर है, जिससे छात्राओं को आवागमन में परेशानी हो रही है। बारिश के दिनों में यह समस्या अधिक गंभीर हो गई है। विद्यालय प्रबंधन ने सड़क की मरम्मत और स्थायी जल निकासी की मांग की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

Chakradharpur News: चक्रधरपुर, संवाददाता। राजा नरपति सिंह बालिका उच्च विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार से विद्यालय भवन तक जाने वाली सड़क जर्जर होने के कारण छात्राओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। रानी तालाब का पानी विद्यालय परिसर जमा होने से विद्यालय परिसर में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है और जर्जर सड़क पर जलजमाव के कारण बच्चों को स्कूल के कक्षा जाने, विद्यालय ग्राउंड में प्रार्थना में खड़े होने सहित अन्य कार्यों में परेशानी हो रही है। स्थानीय स्तर पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर पानी कई दिनों तक जमा रहता है।
जलजमाव के कारण सड़क की स्थिति भी लगातार खराब होती जा रही है। विद्यालय की प्रधान अध्यापिका द्वारा इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित स्तर पर दी जा चुकी है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसके बाद प्रधानाध्यापिका ने वार्ड पार्षद गौतम रवानी को समस्या से अवगत कराया। वार्ड पार्षद के प्रयास से नगर परिषद के जेसीबी की मदद से जल निकासी के लिए वैकल्पिक नाली बनाई गई। हालांकि, इसके बावजूद विद्यालय के रास्ते में जलजमाव की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। विद्यालय प्रबंधन और छात्राओं ने सड़क की मरम्मत के साथ स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है।


