श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव में भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु
चक्रधरपुर में मुनीबाबा धर्मशाला में द्वितीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव पर भजन संध्या का आयोजन हुआ। प्रसिद्ध भजन गायकों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। महोत्सव में खाटू श्याम का भव्य दरबार सजाया गया। भजनों और नृत्य से श्रद्धालुओं ने भक्ति का आनंद लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।

चक्रधरपुर, संवाददाता। चक्रधरपुर शहर के मुनीबाबा धर्मशाला में मंगलवार की देर रात्रि द्वितीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव पर भजन संध्या का आयोजन हुआ। रंग रसिया श्याम मंडल एवं श्री श्याम प्रेमियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में देश के प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक सिंघल (धनबाद), ऋतु पांचाल (नई दिल्ली) एवं धमेन्द्र केजरीवाल (चक्रधरपुर) के भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। मुनीबाबा धर्मशाला परिसर में खाटू श्याम का भव्य दरबार सजा था। जिसकी नयनाभिराम छवि को श्रद्धालु निहारते रहे और पूजन-अर्चन किया। महोत्सव की शुरुआत श्री खाटू श्याम जी की ज्योत प्रज्वलित कर विधि-विधान पूर्वक पूजन-अर्चन से हुई। भजन संध्या में ऋतु पांचाल व अभिषेक सिंघल के भजनों पर श्रोता जमकर झूमते रहे।
भजन गायक अभिषेक सिंघल ने जब दानी दयालु तेरे द्वार पे जो भी आया, श्याम तेरी कृपा उस पर हो गई और कीर्तन की है रात बाबा, आज थाने आनों है प्रस्तुत किया, तो श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए। ऋतु पांचाल ने मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है और हमें तो जो भी दिया श्याम बाबा ने दिया जैसे भजनों से समां बांध दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत गईया तुम्हारी रो-रो पुकारे आ जाओ भजन ने गौ माता पर हो रहे अत्याचारों की पीड़ा व्यक्त की, जिससे श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। वहीं संगीत संगत सागर म्यूजिकल ग्रुप टाटानगर द्वारा दी गई। जिसने पूरा माहौल को भक्तिमय बना दिया। महोत्सव के दौरान फाल्गुन की होली, फाग रास, छप्पन भोग, दिव्य ज्योति एवं अलौकिक श्रृंगार आकर्षक का केंद्र रहा। वहीं आज बिरज में होली रे रसिया, मुकुट सिर मोर का, मेरे चित चोर का और होलिया में उड़े रे गुलाल, श्याम तेरे मंदिर में जैसे भजनों पर जमकर नृत्य किया और फूलों की होली खेली। इस दौरान काफी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



